Thursday, July 30, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग पकड़ने लगी जोर, जयपुर...

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग पकड़ने लगी जोर, जयपुर में पानी की टंकी पर चढ़े NSUI के 3 छात्र

Rajasthan News: राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर जयपुर में NSUI के तीन छात्र नेता पानी की टंकी पर चढ़ गए। उन्होंने छात्रसंघ चुनाव कराने, दिल्ली में छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई का विरोध और अमित शाह से इस्तीफे की मांग की।

Rajasthan News: जयपुर। राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई (NSUI)ने जयपुर में प्रदर्शन किया. इस दौरान राजस्थान विश्वविद्यालय से जुड़े तीन छात्र नेता टोंक फाटक स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गए और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग उठाई.

टंकी पर चढ़ने वालों में NSUI प्रभारी विजयपाल कुड़ी, छात्र नेत्री वियोना जाट और छात्र नेता कोशेन खान शामिल थे. तीनों ने पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे तथा प्रदर्शनकारी छात्रों से माफी मांगने की मांग की.

दिल्ली की घटना के विरोध में प्रदर्शन

प्रदर्शन कर रहे छात्र नेताओं का आरोप था कि दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र और छात्र अधिकारों पर हमला है. उनका कहना था कि छात्रों की आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा.

4 साल से नहीं हुए छात्रसंघ चुनाव

NSUI नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान राजस्थान में पिछले चार वर्षों से छात्रसंघ चुनाव नहीं होनेका मुद्दा भी उठाया. उनका कहना था कि छात्रसंघ चुनाव लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और लंबे समय से चुनाव नहीं होने के कारण छात्रों को अपने प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं मिल रहा है. उन्होंने राज्य सरकार से जल्द छात्रसंघ चुनाव कराने की घोषणा करने की मांग की.

पुलिस और प्रशासन ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया. सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और अधिकारियों ने टंकी पर चढ़े छात्रों से लगातार बातचीत की. प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और यातायात भी प्रभावित हुआ. बाद में पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद तीनों छात्र नेताओं को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.

छात्र संगठन लगातार उठा रहे मांग

राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग लंबे समय से विभिन्न छात्र संगठन उठाते रहे हैं. उनका कहना है कि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में लोकतांत्रिक परंपराओं को मजबूत बनाए रखने के लिए नियमित रूप से छात्रसंघ चुनाव कराए जाने चाहिए. वहीं, दिल्ली में छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर भी विभिन्न देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: अजिंक्य रहाणे का इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास, सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए किया ऐलान


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image