Sunday, November 1, 2026
HomeCrime Newsराजस्थान के 7 पुलिस अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, जटिल...

राजस्थान के 7 पुलिस अधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक, जटिल अपराधों की जांच में दिखाई थी असाधारण क्षमता

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक (अनुसंधान श्रेणी) की घोषणा की है।

जयपुर। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर वर्ष 2026 के प्रतिष्ठित केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक (अनुसंधान श्रेणी) की घोषणा की है। इस बार राजस्थान पुलिस के 6 आईपीएस और 1 आरपीएस अधिकारी को उनके उत्कृष्ट अनुसंधान कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा। इन अधिकारियों ने जटिल आपराधिक मामलों को वैज्ञानिक साक्ष्यों और आधुनिक तकनीक की मदद से सुलझाकर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया। इनमें हत्या, हथियार तस्करी, अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी और सरकारी योजनाओं में सेंधमारी जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। अधिकारियों ने कई मामलों में कम समय में अहम सुराग जुटाकर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की। वहीं, राजस्थान में तैनात एनसीबी के अधिकारियों धनश्याम सोनी और एसआई कृतिका गोयल को भी पदक देने की घोषणा की गई है।

मोबाइल में मिला टॉर्चर का वीडियो, लेयर्ड वॉइस एनालिसिस से खुला हत्या का राज : आईपीएस अजय सिंह राठौड़
किशनगढ़ में करीब छह महीने पहले एक युवक का सात दिन पुराना शव बरामद हुआ था। शव पूरी तरह डीकंपोज हो चुका था। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। मामले की जांच के दौरान किशनगढ़ के तत्कालीन सीओ आईपीएस अजय सिंह राठौड़ ने मृतक के मोबाइल से टॉर्चर का पुराना वीडियो बरामद किया। इसके बाद लेयर्ड वॉइस एनालिसिस तकनीक की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया। वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

इन 6 अधिकारियों ने भी खोली अपराध की परतें
आईपीएस अनुष्का कालिया: पाकिस्तानी ड्रोन से हथियार तस्करी का नेटवर्क ध्वस्त
बीकानेर में तैनाती के दौरान अनुष्का कालिया ने बज्जूवाला क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान सीमा से ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी के मामले का खुलासा किया। जांच में पांच विदेशी पिस्टल और 325 कारतूस गिराए जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने इस नेटवर्क से जुड़े सोनू, अवतार, गुरकीरत और करण को गिरफ्तार किया।

आईपीएस कंबले शरण गोपीनाथ: 100 करोड़ की साइबर ठगी के नेटवर्क पर कार्रवाई
राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी से जुड़ी हजारों शिकायतों की जांच में कंबले शरण गोपीनाथ ने अहम भूमिका निभाई। कार्रवाई के दौरान 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही म्यूल बैंक खातों के नेटवर्क में शामिल पांच बैंक अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा गया।

आईपीएस मनीष कुमार: दृश्यम फिल्म से प्रेरित हत्या की गुत्थी सुलझाई
एक हत्या के मामले में आरोपी ने कथित तौर पर दृश्यम फिल्म से प्रेरणा लेकर वारदात को अंजाम दिया था। हत्या के बाद शव को ड्रम में डालकर पेट्रोल से जलाने की कोशिश की गई। लंबे समय बाद मामले की दोबारा जांच शुरू हुई। सीओ मनीष कुमार ने वैज्ञानिक साक्ष्यों और डीएनए जांच की मदद से मामले का खुलासा किया और आरोपी तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

आईपीएस जतिन जैन: गैंगरेप मामले में 7 दिन में चार्जशीट
नागौर में तैनाती के दौरान जतिन जैन ने गैंगरेप के एक मामले में त्वरित अनुसंधान को प्राथमिकता दी। पुलिस ने पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट सहित जरूरी साक्ष्यों को समय पर जुटाया। इसके बाद महज सात दिन में अदालत में चार्जशीट पेश कर दी गई।

आईपीएस रोशन मीणा: 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या का ब्लाइंड मर्डर सुलझाया
टोंक में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या कर चांदी के कड़े लूट लिए गए थे। वारदात के बाद शव को कचरे में फेंक दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर, एफएसएल और डीएसटी सहित 10 टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने मृतक की पहचान की और ब्लाइंड मर्डर का खुलासा किया।

आरपीएस प्रेम कुमार: ऑपरेशन शटर डाउन में 51 आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन शटर डाउन के तहत प्रेम कुमार के नेतृत्व में चार राज्यों में कार्रवाई की गई। सरकारी कल्याणकारी योजनाओं में सेंधमारी करने वाले नेटवर्क के खिलाफ अभियान चलाकर 30 ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई में ऑपरेटर और अन्य नेटवर्क से जुड़े लोगों सहित कुल 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक के लिए चयनित इन अधिकारियों ने गंभीर अपराधों की जांच में आधुनिक तकनीक, वैज्ञानिक साक्ष्यों और बेहतर पुलिसिंग का उदाहरण पेश किया है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image