Thursday, November 5, 2026
HomeLatest Newsगांवों की सरकार चुनने के लिए वोटिंग शुरू, आज ही आएंगे सरपंच...

गांवों की सरकार चुनने के लिए वोटिंग शुरू, आज ही आएंगे सरपंच और वार्ड पंच के नतीजे

जयपुर। राजस्थान में गांवों की सरकार चुनने के लिए पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है। प्रदेश के 27 जिलों में सुबह 7 बजे से सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए वोटिंग हो रही है। तीसरे चरण में 116 पंचायत समितियों की 3716 ग्राम पंचायतों में मतदान कराया जा रहा है। खास बात यह है कि मतदान समाप्त होने के बाद आज ही मतगणना होगी और देर रात तक चुनाव परिणाम सामने आने लगेंगे। तीसरे चरण में 3716 सरपंच और 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव हो रहा है। प्रदेशभर में 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे।

1.06 करोड़ से ज्यादा मतदाता करेंगे मतदान

तीसरे चरण के पंचायत चुनाव में कुल 1 करोड़ 6 लाख 81 हजार 567 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें करीब 55.48 लाख पुरुष और 51.33 लाख महिला मतदाता शामिल हैं। सभी मतदाता अपने गांव की सरकार चुनने के लिए मतदान कर रहे हैं। प्रदेश की 3716 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाएं की गई हैं।

सरपंच के लिए EVM, वार्ड पंच के लिए मतपत्र

तीसरे चरण के चुनाव में सरपंच पद के लिए ईवीएम का इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि वार्ड पंच पद के लिए मतपत्र से मतदान कराया जा रहा है। मतदान का समय शाम 6 बजे तक निर्धारित है। वोटिंग समाप्त होते ही ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना शुरू होगी। इसके बाद सरपंच और वार्ड पंच पदों के चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। देर रात तक कई ग्राम पंचायतों में नए सरपंचों के नाम सामने आने की संभावना है।

जयपुर की 133 ग्राम पंचायतों में चुनाव

जयपुर जिले की 133 ग्राम पंचायतों में भी तीसरे चरण के तहत सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है। सरपंच पद के लिए 856 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिले में मतदान के लिए कुल 442 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जयपुर में कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 93 हजार 206 पुरुष, 1 लाख 81 हजार 609 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image