Thursday, November 5, 2026
HomeLatest News50 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित, दौसा में सबसे ज्यादा प्रत्याशी

50 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित, दौसा में सबसे ज्यादा प्रत्याशी

जयपुर। राजस्थान पंचायत आम चुनाव-2026 के तीसरे चरण का मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। इस बीच सरपंच पद के प्रत्याशियों का चुनावी गणित भी सामने आया है। प्रदेश की कुल 3716 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 22,232 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, 50 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। निर्विरोध निर्वाचन के मामले में बालोतरा जिला सबसे आगे है। चुनावी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश की 3,194 ग्राम पंचायतों में 2 से 9 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। वहीं, 463 ग्राम पंचायतों में 10 से 19 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा 8 ग्राम पंचायतों में 20 से 29 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। प्रदेश में ऐसी कोई ग्राम पंचायत नहीं है, जहां सरपंच पद के लिए 30 या इससे अधिक प्रत्याशी मैदान में हों।

दौसा में सबसे ज्यादा 1,932 प्रत्याशी मैदान में

सरपंच पद के लिए सबसे ज्यादा प्रत्याशी दौसा जिले में चुनाव लड़ रहे हैं। दौसा की 221 ग्राम पंचायतों में कुल 1,932 प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके बाद सवाई माधोपुर में 1,252, टोंक में 1,159, भरतपुर में 1,157 और चित्तौड़गढ़ में 1,125 प्रत्याशी चुनावी मुकाबले में हैं। वहीं, सीकर जिले में 916 और झुंझुनूं में 719 प्रत्याशी सरपंच पद के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

निर्विरोध सरपंच निर्वाचन में बालोतरा सबसे आगे

प्रदेश में 50 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इनमें बालोतरा जिला सबसे आगे है। बालोतरा की 24 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं। अन्य जिलों की बात करें तो जालोर में 6, बीकानेर में 4 और धौलपुर में 3 सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा डीग और सलूम्बर में 3-3 तथा प्रतापगढ़ में एक सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं।

जयपुर में 856 सरपंच प्रत्याशी मैदान में

जयपुर जिले की 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव हो रहा है। यहां सरपंच पद के लिए 856 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। खास बात यह है कि जयपुर जिले की एक भी ग्राम पंचायत में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित नहीं हुआ है। जिले में मतदान के लिए 442 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं। इनमें 1 लाख 93 हजार 206 पुरुष, 1 लाख 81 हजार 609 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image