Thursday, November 5, 2026
HomeLatest Newsराजस्थान पंचायत चुनाव: तीसरे चरण का मतदान आज, 27 जिलों की 3716...

राजस्थान पंचायत चुनाव: तीसरे चरण का मतदान आज, 27 जिलों की 3716 ग्राम पंचायतों में डाले जाएंगे वोट

जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव के तीसरे चरण का मतदान आज होगा। प्रदेश के 27 जिलों की 3,716 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी। इस चरण में 1.06 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर गांव की सरकार चुनेंगे। तीसरे चरण के चुनाव में सरपंच के 3,716 और वार्ड पंच के 34,218 पदों के लिए मतदान होगा। निर्वाचन प्रक्रिया को संपन्न कराने के लिए प्रदेशभर में 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 55.48 लाख पुरुष और 51.33 लाख महिला मतदाता शामिल हैं।

सरपंच के लिए EVM, वार्ड पंच के लिए बैलेट पेपर

पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में सरपंच पद के लिए EVM से मतदान कराया जाएगा, जबकि वार्ड पंच पद के लिए मतपत्र का इस्तेमाल होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।

जयपुर की 133 ग्राम पंचायतों में भी मतदान

राजधानी जयपुर की 133 ग्राम पंचायतों में भी सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए वोटिंग होगी। यहां 442 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इन पंचायतों में कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1 लाख 93 हजार 206 पुरुष, 1 लाख 81 हजार 609 महिला और एक थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है।

856 उम्मीदवारों के बीच सरपंच पद की टक्कर

जयपुर की 133 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 856 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मतदान पूरा होने के बाद मतगणना की जाएगी और प्रत्याशियों की जीत-हार का फैसला होगा। अब सभी की नजरें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं। तीसरे चरण के मतदान के बाद प्रदेश की हजारों ग्राम पंचायतों में नई सरकार की तस्वीर साफ होगी।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image