Rajasthan News: राजस्थान के पाली से दिल दहला दिने वाला मामला सामने आया है. जहां एक युवक ने तांत्रिक के कहने पर 11 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या कर दी. तांत्रिक ने उसे आश्वासन दिया था कि मानव बलि देने से उसकी विवाह में आ रहे परेशानी दूर हो जाएगी.
पुलिस ने बताया कि बच्चा एक मदरसे का छात्र था और गुरुवार दोपहर घर लौट रहा था, तभी आरोपी उसे गांव के बाहर एक तालाब के पास सुनसान इलाके में ले गया और उसकी बलि चढ़ा दी. पुलिस ने आरोपी शेरू खां को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया.
तंत्र मंत्र में काम आने वाली वस्तुएं बरामद
पुलिस के अनुसार, लड़के के हाथ, पैर बांध दिए. साथ ही मुंह में कपड़ा ठूंस दिया जिससे वह चिल्ला ना सके. इसके बाद आरोपी ने धारदार हथियार से उसका गला रेत दिया. पुलिस ने घटनास्थल से तांत्रिक अनुष्ठान में इस्तेमाल होने वाली कुछ वस्तुएं, जिनमें टूटा हुआ मिट्टी का घड़ा और खून से सने लकड़ी के टुकड़े बरामद किए हैं
आरोपी ने खुद दी परिजनों को हत्या की सूचना
आरोपी इतना शातिर था कि उसके पहले खुद को प्रत्यक्षदर्शी बताने की कोशिश की और गांव वालों के सामने बार-बार अपना बयान बदलता रहा. मृतक के दादा को जाकर बताया तुम्हारे पोते की किसी ने मार दिया है और उसका शव तालाब के किनारे पड़ा है. इतना ही नहीं उसने यह तक कह दिया कि उसने किसी अन्य व्यक्ति को हत्या करते देखा है.’हालांकि, मामला सामने आने के बाद आरोपी के अचानक गायब हो जाने पर पुलिस को उस पर शक हुआ. फिर पुलिस ने शुक्रवार सुबह घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया.
आरोपी ने कबूला जुर्म
गिरफ्तारी के बाद पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि लम्बे समय से उसकी शादी नहीं हो रही थी. वह कई तांत्रिकों और भोपा के पास गया. इसी बीच एक तांत्रिक ने उसे सलाह दी कि यदि वह ‘नरबलि’ देता है, तो उसकी शादी की बाधा दूर हो जाएगी. इसी सनक में उसने बच्चे की रेकी की और उसे मौत के घाट उतार दिया.
तांत्रिक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस उपाधीक्षक (सोजात) रतन देवासी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध कबूल कर लिया और तांत्रिक अनुष्ठान से जुड़ी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि आरोपी ने सबूत मिटाने के लिए खून से सने कपड़े बदलकर फेंक दिए थे. पुलिस उस तांत्रिक की भूमिका की भी जांच कर रही है, जिसने कथित तौर पर आरोपी को प्रभावित किया था.
ये भी पढ़ें: आसनसोल में लाउडस्पीकर को लेकर मचा बवाल, पुलिस चौकी में तोड़फोड़-पथराव, बुलानी पड़ी पैरामिलिट्री फोर्स



