Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 3 से 7 सितंबर के बीच पूर्वी राजस्थान के कई इलाकों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। इस दौरान कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। फिलहाल उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के ऊपर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया यानी WML बना हुआ है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन श्रीगंगानगर, रोहतक और इस सिस्टम से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस मौसमी सिस्टम के प्रभाव से राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बारिश का दौर तेज हो सकता है।
पिछले 24 घंटे के दौरान भरतपुर के रूपवास में सबसे ज्यादा 27 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का अनुमान है कि इस सिस्टम के प्रभाव से पूर्वी राजस्थान में अगले 3 से 4 दिनों तक मानसून की गतिविधियां सक्रिय रह सकती हैं।
यह खबर भी पढ़ें:-बीजेपी की चूक से कांग्रेस को नगर निकाय चुनाव में पहले ही मिल गई जीत, दौसा में ऐसे पलट गया खेल
3 सितंबर को इन इलाकों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 3 सितंबर को भरतपुर, जयपुर, अजमेर और कोटा संभाग के साथ शेखावाटी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं भरतपुर संभाग में कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ भारी बारिश भी हो सकती है।
इन जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
अलवर, दौसा, करौली, भरतपुर, डीग और धौलपुर के अलावा आसपास के इलाकों में मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में अचानक 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। इसे देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जयपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, बूंदी, कोटा और भीलवाड़ा जिलों के साथ आसपास के क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में भी बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
4 से 7 सितंबर तक जारी रह सकता है बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक 4 से 7 सितंबर के बीच भरतपुर, कोटा, जयपुर, अजमेर और उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। खास तौर पर 4 और 5 सितंबर को कोटा संभाग और इसके आसपास के जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। ऐसे में इन इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम की स्थानीय स्थिति पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
पश्चिमी राजस्थान में कमजोर रहेगा मानसून
पूर्वी राजस्थान की तुलना में पश्चिमी राजस्थान में मानसून की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रहने का अनुमान है। जोधपुर संभाग के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम रह सकती हैं। हालांकि पश्चिमी राजस्थान के कुछ जिलों में भी बारिश राहत दे सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 4 से 6 सितंबर के बीच बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू और नागौर सहित आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
यह खबर भी पढ़ें:-जयपुर की 19 निकायों में 2,644 प्रत्याशी मैदान में, 714 ने नाम वापस लिए…3 निर्विरोध जीते
8 सितंबर से फिर कमजोर पड़ सकता है मानसून
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 8 सितंबर से राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में दोबारा कमी आने की संभावना है। यानी 3 से 7 सितंबर के बीच बारिश का दौर सक्रिय रहने के बाद प्रदेश में मानसून फिर कमजोर पड़ सकता है। फिलहाल पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों और आम लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। तेज बारिश और आंधी की स्थिति में सावधानी बरतना जरूरी होगा।



