जयपुर। राजस्थान में पंचायती राज चुनाव की तारीखों के ऐलान के साथ ही प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 14 IPS अधिकारियों के तबादले किए हैं। कार्मिक विभाग की ओर से 3 अक्टूबर को तबादला आदेश जारी किया गया। आदेश के तहत कई अधिकारियों को जयपुर समेत अलग-अलग जिलों और पुलिस इकाइयों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
पंचायती राज चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो गई है। ऐसे में आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले हुए इस प्रशासनिक फेरबदल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। तबादला आदेश में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के पद और जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
इससे पहले भी 15 RAS अधिकारियों के तबादले किए गए थे। यानी चुनाव कार्यक्रम की घोषणा से पहले प्रशासनिक और पुलिस विभाग में लगातार तबादलों का दौर देखने को मिला।
14 IPS अधिकारियों की नई पोस्टिंग में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट, एसओजी, एसीबी, यातायात, क्राइम, सीकर, दौसा, सिरोही और फलौदी समेत कई महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। इनमें कुछ अधिकारियों को जिलों की कमान दी गई है, जबकि कुछ को पुलिस मुख्यालय और विशेष पुलिस इकाइयों में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार योगेश गोयल को पुलिस उपायुक्त, क्राइम जयपुर, सतनाम सिंह को पुलिस अधीक्षक, एसओजी जयपुर, पीयूष दीक्षित को पुलिस अधीक्षक, एसीबी जयपुर और कुंदन कंवरिया को पुलिस अधीक्षक, दौसा लगाया गया है।
वहीं प्रवीण नायक नूनावत को पुलिस उपायुक्त, यातायात जयपुर, अजय सिंह राठौड़ को पुलिस अधीक्षक, सिरोही, आदित्य काकड़े को पुलिस अधीक्षक, फलौदी और पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ को कमांडेंट, 7वीं बटालियन RAC भरतपुर की जिम्मेदारी दी गई है।



