जयपुर। नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की है। कंपनी ने पेट्रोल के दाम में ₹5 प्रति लीटर और डीजल में ₹3 प्रति लीटर का इजाफा किया है। नई कीमतें शनिवार सुबह से लागू हो गई हैं।कीमतों में बढ़ोतरी के बाद भोपाल में नायरा का पेट्रोल ₹119.54 प्रति लीटर और डीजल ₹102.64 प्रति लीटर हो गया है। कंपनी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और बढ़ती लागत के बीच अंतर को कम करने के लिए कीमतें बढ़ाई गई हैं।
मार्च में भी बढ़ाए थे दाम
नायरा एनर्जी ने इस साल मार्च में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। 26 मार्च को पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर महंगा किया गया था।हालांकि, बाद में पश्चिम एशिया में तनाव कम होने और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बाद कंपनी ने 1 जुलाई को पेट्रोल ₹5 और डीजल ₹3 प्रति लीटर सस्ता कर दिया था।
सरकारी तेल कंपनियों ने नहीं बदले दाम
फिलहाल इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया है। रिलायंस इंडस्ट्रीज की जियो-बीपी की ओर से भी फिलहाल कीमतों में बदलाव नहीं किया गया है।
सरकारी तेल कंपनियों को नुकसान का दावा
रेटिंग एजेंसी ICRA के अनुमान के मुताबिक, सितंबर में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने के बावजूद घरेलू स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतें स्थिर रहने से सरकारी तेल कंपनियों पर दबाव बढ़ा है।ICRA के अनुसार, सरकारी तेल कंपनियों को पेट्रोल पर करीब ₹8 प्रति लीटर और डीजल पर करीब ₹9 प्रति लीटर का नुकसान हो रहा है। रिपोर्ट में पेट्रोल, डीजल और LPG को मिलाकर कंपनियों को रोजाना करीब ₹530 करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।
मई में सरकारी कंपनियों ने भी बढ़ाए थे दाम
इससे पहले मई में IOC, BPCL और HPCL ने अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी का हवाला देते हुए पेट्रोल और डीजल के दामों में चरणबद्ध तरीके से कुल ₹7.50 प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।देश के एक लाख से ज्यादा पेट्रोल पंपों में से 90% से अधिक पर इन तीनों सरकारी तेल कंपनियों का नियंत्रण है।



