चंडीगढ़। भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीसरे और आखिरी वनडे में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए मजबूत स्कोर खड़ा किया है। भारत ने 35 ओवर के बाद 216/4 रन बना लिए थे। बाद के अपडेट में टीम का स्कोर 225/5 पहुंचा, जबकि नमन धीर 30 रन बनाकर आउट हुए।
रोहित और ऋतुराज के बीच 137 रन की साझेदारी
भारत को शुरुआत में कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली के रूप में जल्दी दो झटके लगे। गिल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विराट कोहली खाता भी नहीं खोल सके। दोनों विकेट वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज जायडन सील्स ने लिए।इसके बाद रोहित शर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 137 रन की साझेदारी हुई। रोहित ने 92 रन की पारी खेली, जिसमें 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। ऋतुराज ने भी 57 रन बनाए।
रोहित ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने इस मुकाबले में वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर 10 हजार रन पूरे किए। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के चौथे बल्लेबाज बने। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, सनथ जयसूर्या और क्रिस गेल यह आंकड़ा पार कर चुके हैं।
राहुल और नमन ने संभाली पारी
रोहित और ऋतुराज के आउट होने के बाद केएल राहुल और नमन धीर ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों के बीच 65 रन की साझेदारी हुई। हालांकि, नमन 30 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद भारत का स्कोर 225/5 तक पहुंचा।भारत पहले ही तीन मैचों की वनडे सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुका है। तीसरा मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के PCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है।



