जयपुर। दीपावली के त्योहार पर राजस्थान की भजनलाल सरकार ने प्रदेश के किसानों को बड़ी राहत देने का ऐलान किया है। राज्य के किसानों को 345 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावों का भुगतान किया जाएगा। इस फैसले से प्रदेश के 9 जिलों के किसानों को आर्थिक राहत मिलेगी। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल ने फसल बीमा दावों के भुगतान की जानकारी देते हुए बताया कि किसानों को जल्द ही बीमा क्लेम की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इससे फसल खराब होने के कारण आर्थिक परेशानी झेल रहे किसानों को राहत मिलेगी।
बीकानेर के किसानों को 116 करोड़ रुपये की राहत
फसल बीमा भुगतान के तहत बीकानेर जिले के किसानों को सबसे अधिक 116 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। वहीं पश्चिमी राजस्थान के सूखा प्रभावित किसानों के लिए कुल 318 करोड़ रुपये की राहत का प्रावधान किया गया है।
इन जिलों के किसानों को मिलेगा फसल बीमा क्लेम
सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अलग-अलग जिलों के किसानों को मिलने वाली राशि इस प्रकार है:
- बीकानेर: 116 करोड़ रुपये
- बाड़मेर: 53.60 करोड़ रुपये
- जोधपुर: 48 करोड़ रुपये
- जालोर: 43.58 करोड़ रुपये
- पाली: 31 करोड़ रुपये
- चूरू: 25.85 करोड़ रुपये
इसके अलावा डूंगरपुर और जालोर के लंबित बीमा दावों के लिए 17.60 करोड़ रुपये जारी किए जाएंगे। जयपुर जिले के दूदू क्षेत्र के किसानों को भी 9.50 करोड़ रुपये की आर्थिक राहत मिलेगी।



