जयपुर: राजस्थान के प्रशासनिक गलियारे से एक बहुत बड़ी और अहम खबर सामने आई है। प्रदेश के मुख्य सचिव (CS) वी. श्रीनिवास को केंद्र सरकार की ओर से 6 महीने का सेवा विस्तार (Extension) मिल गया है। 1989 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वी. श्रीनिवास इसी महीने यानी 31 अगस्त को सेवानिवृत्त (Retire) होने वाले थे। लेकिन अब केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद वे 28 फरवरी 2027 तक राजस्थान के मुख्य सचिव के रूप में अपनी सेवाएं देते रहेंगे। राज्य सरकार ने पिछले महीने 23 जुलाई को केंद्रीय कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय को मुख्य सचिव के कार्यकाल विस्तार का औपचारिक प्रस्ताव भेजा था। केंद्र सरकार ने राज्य सरकार की इस सिफारिश को स्वीकार करते हुए सामान्य प्रशासन विभाग को सेवा विस्तार का आधिकारिक पत्र जारी कर दिया है।
यह खबर भी पढ़ें:-60 साल बाद मिला डिग्री सर्टिफिकेट, पूर्व सीएम जोरमथंगा ने पूरी की अधूरी कहानी
7 साल लंबे सेंट्रल डेपुटेशन से लौटकर संभाला था पद
वी. श्रीनिवास का मुख्य सचिव बनने का सफर भी काफी दिलचस्प रहा है। पिछले साल नवंबर में जब तत्कालीन मुख्य सचिव सुधांश पंत अचानक सेंट्रल डेपुटेशन पर चले गए थे, तब केंद्र सरकार में सेवाएं दे रहे वी. श्रीनिवास को राजस्थान का नया प्रशासनिक मुखिया चुना गया। 16 नवंबर 2025 को उनके मुख्य सचिव बनने के आदेश जारी हुए थे, जिसके बाद 17 नवंबर को उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया था। सीएस पद की जिम्मेदारी संभालने से पहले वे लगातार 7 वर्षों तक सेंट्रल डेपुटेशन पर तैनात थे। उस दौरान वे केंद्र सरकार में प्रशासनिक सुधार, लोक शिकायत और पेंशन कल्याण विभाग के सचिव पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव से नाता और शानदार करियर
वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वी. श्रीनिवास का प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में गहरा प्रभाव रहा है। वे देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. पी.वी. नरसिम्हा राव के पारिवारिक रिश्तेदार हैं (उनकी धर्मपत्नी, पूर्व पीएम राव की रिश्ते में दोहिती हैं)। अपने करियर के दौरान वे कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदों पर रहे हैं:
- पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में वे तत्कालीन विदेश मंत्री और वित्त मंत्री जसवंत सिंह के निजी सचिव (PS) रह चुके हैं।
- उन्होंने वॉशिंगटन स्थित अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) में भारत के कार्यकारी निदेशक के तकनीकी सलाहकार के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं।
यह खबर भी पढ़ें:-हूतियों का सऊदी अरब पर ड्रोन हमला, नजराने एयरपोर्ट और अरामको ठिकाने को बनाया निशाना
राजस्थान में पहले भी मुख्य सचिवों को मिलता रहा है एक्सटेंशन
राजस्थान की राजनीति और नौकरशाही में किसी मुख्य सचिव को कार्यकाल विस्तार मिलना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी सरकारों के समय शीर्ष स्तर के अधिकारियों को एक्सटेंशन दिया जाता रहा है:
- उषा शर्मा: पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन सीएस उषा शर्मा को 30 जून 2023 को रिटायर होना था, लेकिन उन्हें 6 महीने का एक्सटेंशन देकर 31 दिसंबर 2023 तक पद पर बनाए रखा गया था।
- सी.एस. राजन: वसुंधरा राजे सरकार के दौरान भी तत्कालीन मुख्य सचिव सी.एस. राजन को दिसंबर 2015 में 6 महीने का एक्सटेंशन मिला था और वे जून 2016 तक पद पर रहे थे।
वी. श्रीनिवास को मिले इस 6 महीने के एक्सटेंशन से राजस्थान में प्रशासनिक निरंतरता बनी रहेगी और सरकार की कई फ्लैगशिप योजनाओं को गति देने में मदद मिलेगी।



