Rajasthan News : जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान के मुख्यालय में कार्यरत कॉन्स्टेबल-चालक अमर सिंह, जो वर्तमान में पुलिस उपमहानिरीक्षक, प्रशासन के ड्राइवर के पद पर पदस्थापित हैं, ने अपनी ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा का उत्कृष्ट परिचय देते हुए एक सराहनीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
अमर सिंह को एसीबी मुख्यालय परिसर में ₹10,000 (दस हजार रुपये) नकद लावारिस अवस्था में मिले। उन्होंने बिना किसी विलंब के इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों को दी तथा उक्त राशि को नियमानुसार पुलिस अधीक्षक (प्रशासन), एसीबी मुख्यालय कार्यालय में सुरक्षित जमा करा दिया, ताकि वास्तविक स्वामी की पहचान होने पर राशि उसे लौटाई जा सके।
अमर सिंह द्वारा प्रदर्शित सत्यनिष्ठा, ईमानदारी एवं उत्तरदायित्व की भावना एसीबी के मूल मूल्यों एवं कार्य संस्कृति को सुदृढ़ करती है। उनका यह आचरण न केवल विभागीय कार्मिकों के लिए प्रेरणास्रोत है, बल्कि समाज में नैतिक मूल्यों एवं सार्वजनिक विश्वास को भी सशक्त करता है।
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, राजस्थान को अपने ऐसे कर्मठ एवं ईमानदार कार्मिकों पर गर्व है, जो प्रत्येक परिस्थिति में सत्यनिष्ठा और नैतिकता के उच्च मानकों का पालन करते हुए विभाग की गरिमा को बढ़ा रहे हैं। उनके इस सराहनीय कार्य की ब्यूरो द्वारा प्रशंसा की गई है।



