Tuesday, August 4, 2026
HomeIndiaदेशभर में बारिश का कहर, बारिश ने कई राज्यों में बढ़ाई मुश्किलें!

देशभर में बारिश का कहर, बारिश ने कई राज्यों में बढ़ाई मुश्किलें!

नई दिल्ली (प्रज्ञा पांडे)। देशभर में मानसून का असर लगातार तेज होता जा रहा है। भारी बारिश, आकाशीय बिजली और भूस्खलन की घटनाओं ने कई राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। उत्तराखंड में भूस्खलन के कारण बद्रीनाथ हाईवे घंटों बंद रहा। हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश के चलते कई शहरों में जलभराव की स्थिति बन गई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दिनों में कई राज्यों के लिए भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को बिहार और पश्चिम बंगाल में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में कुल 11 लोगों की मौत हो गई। इनमें बिहार के सात और पश्चिम बंगाल के चार लोगों की जान गई। हादसों में 14 लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले के जगतबल्लवपुर, आमता और बगनान क्षेत्रों में खेतों में काम कर रहे किसानों और तालाब के किनारे मौजूद लोगों पर बिजली गिरने की घटनाएं हुईं। बिहार के कई जिलों से भी इसी तरह की घटनाएं सामने आई हैं।

उत्तराखंड में भूस्खलन से बद्रीनाथ हाईवे बंद

लगातार बारिश के कारण उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी भूस्खलन हुआ। सड़क पर मलबा और विशाल चट्टानें गिरने से हाईवे पूरी तरह बंद हो गया, जिससे करीब 200 यात्री और श्रद्धालु घंटों तक रास्ते में फंसे रहे। मंगलवार सुबह प्रशासन ने जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का अभियान शुरू किया। वहीं, यमुनोत्री मार्ग पर स्यानाचट्टी के पास भी एक बड़ा बोल्डर सड़क पर गिरा, हालांकि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

हरियाणा और उत्तर प्रदेश में जलभराव

हरियाणा के अंबाला और झज्जर में रातभर हुई बारिश के बाद कई मुख्य सड़कें पानी में डूब गईं। कई इलाकों में घुटनों तक पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और निचले क्षेत्रों के घरों व दुकानों में पानी घुस गया। उत्तर प्रदेश के आगरा में भी भारी बारिश के बाद कई कॉलोनियों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया। जलभराव के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। एहतियात के तौर पर कई स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई। वहीं बाराबंकी में दो घंटे की बारिश से बस स्टेशन जलमग्न हो गया और प्रदेश की कई नदियां उफान पर हैं।

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार के 34 जिलों में येलो अलर्ट, जबकि पश्चिम चंपारण, वैशाली, समस्तीपुर और दरभंगा में ऑरेंज अलर्ट जारी।
उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, नैनीताल और बागेश्वर में भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका।
हरियाणा में 6 अगस्त तक बारिश जारी रहने का अनुमान।
छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी।
हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश की संभावना।
राजस्थान के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार।
मध्य प्रदेश में फिलहाल दो दिन राहत, लेकिन 6 अगस्त के बाद बारिश तेज होने की संभावना।

बारिश के मौसम में क्यों बढ़ता है बिजली गिरने का खतरा?

विशेषज्ञों के अनुसार, मानसून के दौरान गर्म और ठंडी हवाओं के टकराने से बादलों में तेज विद्युत आवेश पैदा होता है, जिससे आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, खेत, पेड़ों, बिजली के खंभों और जलाशयों से दूर रहें तथा सुरक्षित भवन या वाहन में शरण लें। मौसम विभाग का कहना है कि देश के कई हिस्सों में मानसून अभी सक्रिय बना हुआ है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, आकाशीय बिजली और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं बढ़ सकती हैं। प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image