Rahul Gandhi On BJP: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने हाल ही में आए 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर बीजेपी पर निशाना साधते हुए वोट चोरी का आरोप लगाया है. साथ ही उन्होंने दावा किया कि आज यदि निष्पक्ष तरीके से लोकसभा चुनाव हो जाएं तो भाजपा 140 सीटों से ज्यादा सीटें नहीं जीत सकती.
उन्होंने आरोप लगाया कि ‘भाजपा के हर छठे लोकसभा सदस्य ने वोट चोरी से जीत हासिल की है और भाजपा के शब्दों में कहें तो उसके 240 लोकसभा सदस्यों में से हर छठा सांसद और हरियाणा की उसकी पूरी सरकार ‘घुसपैठिया’ है.’
‘वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार’
राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट पर लिखा , ‘वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार. लोकसभा के 240 भाजपा सांसदों में से, मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता हुआ है. पहचानना मुश्किल नहीं है, क्या उन्हें भाजपा की भाषा में घुसपैठिए कहें? और हरियाणा? वहां तो पूरी सरकार ही “घुसपैठिया” है.’
वोट चोरी से कभी सीटें चुराई जाती हैं, कभी पूरी सरकार।
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 6, 2026
लोकसभा के 240 BJP सांसदों में से, मोटे तौर पर हर छठा सांसद वोट चोरी से जीता है। पहचानना मुश्किल नहीं – क्या उन्हें BJP की भाषा में “घुसपैठिए” कहें?
और हरियाणा? वहाँ तो पूरी सरकार ही “घुसपैठिया” है।
जो संस्थाएँ अपनी जेब में…
‘निष्पक्ष चुनाव हो जाएं, तो आज ये 140 के पास भी नहीं जीत सकते’
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि , ‘जो संस्थाएं अपनी जेब में रखते हैं, जो मतदाता सूचियों और चुनावी प्रक्रिया को तोड़-मरोड़ देते हैं, वे ख़ुद रिमोट कंट्रोल वाले हैं. उन्हें असली डर सच्चाई का है. क्योंकि निष्पक्ष चुनाव हो जाएं, तो आज ये 140 के पास भी नहीं जीत सकते.’
राहुल गांधी ने असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के बाद एक बार फिर वोट चोरी को लेकर भाजपा पर हमले तेज कर दिए हैं. उनका दावा है कि भाजपा ने निर्वाचन आयोग की मदद से इन दोनों राज्यों में चुनाव की चोरी की है. बता दें कि असम और पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है.
ये भी पढ़ें: ट्रंप का स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में ‘प्रोजेक्ट फ्रीडम’ रोकने का ऐलान, ईरान के साथ डील को लेकर कही बड़ी बात



