Tuesday, May 12, 2026
HomeIndiaराहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- NEET पेपर लीक...

राहुल गांधी का मोदी सरकार पर बड़ा हमला, बोले- NEET पेपर लीक ने 22 लाख छात्रों के सपने तोड़ दिए

राहुल गांधी ने ‘नीट-यूजी 2026’ परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi का ‘अमृतकाल’ अब ‘विषकाल’ बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक और भ्रष्टाचार ने 22 लाख छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। वहीं कांग्रेस नेताओं ने एनटीए की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

NEET UG 2026 Cancelled : नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी-2026’ रद्द होने के बाद केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों के बीच राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा रद्द कर दोबारा आयोजित कराने का फैसला लिया है, जबकि मामले की जांच अब सीबीआई को सौंप दी गई है। राहुल गांधी ने इस पूरे विवाद को युवाओं के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ बताते हुए प्रधानमंत्री Narendra Modi पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लाखों छात्रों की मेहनत, सपने और परिवारों की उम्मीदें भ्रष्ट व्यवस्था की भेंट चढ़ गईं। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि छात्रों ने दिन-रात मेहनत की, कई परिवारों ने बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज लिया और गहने तक बेच दिए, लेकिन बदले में उन्हें पेपर लीक, लापरवाही और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार मिला। राहुल गांधी ने कहा कि यह केवल एक प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के खिलाफ अपराध है।

22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत बीजेपी ने कुचल दिया : राहुल गांधी

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नीट 2026 की परीक्षा रद्द हो गई। 22 लाख से ज़्यादा छात्रों की मेहनत, त्याग और सपनों को इस भ्रष्ट भाजपाई व्यवस्था ने कुचल दिया। किसी पिता ने कर्ज़ लिया, किसी मां ने गहने बेचे, लाखों बच्चों ने रात-रात भर जागकर पढ़ाई की और बदले में मिला- पेपर लीक, सरकारी लापरवाही और शिक्षा में संगठित भ्रष्टाचार।’’ उन्होंने दावा किया कि यह सिर्फ़ नाकामी नहीं, युवाओं के भविष्य के साथ अपराध है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, हर बार पेपर माफिया बच निकलते हैं और ईमानदार छात्र सज़ा भुगतते हैं। अब लाखों छात्र फिर से वही मानसिक तनाव, आर्थिक बोझ और अनिश्चितता झेलेंगे।

राहुल गांधी ने कहा, अगर तकदीर परिश्रम से नहीं, पैसे और पहुंच से तय होगी तो फिर शिक्षा का मतलब क्या रह जाएगा? उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का तथाकथित अमृतकाल, देश के लिए विषकाल बन गया है। बाद में उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, देश के युवाओं के सामने एक गंभीर बात रखना चाहता हूं। एक काम कीजिए, खुद गूगल कीजिए कि नीट 2024 की भयंकर चोरी के दौरान एनटीए का महानिदेशक कौन था, और मोदी सरकार ने उसे आज कहां बैठाया है? राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को इनाम देती है, उनकी रक्षा करती है, ऊपर से उन्हें तरक्की देती है। उन्होंने दावा किया, साफ़ है कि मोदी जी और भाजपा आपके भविष्य की चोरी में ख़ुद साझेदार हैं। जिस बाज़ार में आपकी मेहनत, आपके सपने नीलाम हो रहे हैं, उसका एक ही उसूल है, जितनी बड़ी चोरी, उतना बड़ा इनाम।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शिक्षा, महिला, बाल, युवा एवं खेल संबंधी संसद की स्थायी समिति की 371वीं रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि केवल 2024 में ही एनटीए द्वारा आयोजित 14 राष्ट्रीय परीक्षाओं में से 5 में पेपर लीक और अनियमितताओं के मामले सामने आए। उन्होंने कहा, 16 जून 2024 को शिक्षा मंत्री (धर्मेंद्र प्रधान) ने स्वीकार किया था कि एनटीए को ‘बहुत सुधार की जरूरत’ है। दो साल बाद यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि इस स्वीकारोक्ति के बाद आखिर क्या कार्रवाई हुई। रमेश ने कहा कि अब यह लगातार स्पष्ट होता जा रहा है कि केवल सुधार नहीं, बल्कि उससे जुड़े पूरे तंत्र के बुनियादी पुनर्गठन की जरूरत है, ताकि इसे मोदी सरकार के भ्रष्ट हाथों से बाहर रखा जा सके। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरप्पा मोइली ने केंद्रीय शिक्षामंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular