Tuesday, June 2, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessलगातार चौथे दिन टूटा भारतीय शेयर बाजार, निवेशकों का भरोसा डगमगाया, बाजार...

लगातार चौथे दिन टूटा भारतीय शेयर बाजार, निवेशकों का भरोसा डगमगाया, बाजार में बढ़ी बेचैनी

स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में भारी गिरावट दर्ज की गई। बीएसई सेंसेक्स 1,456 अंक टूटकर 74,559 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी फिफ्टी 23,500 के नीचे फिसल गया। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, पश्चिम एशिया तनाव, विदेशी निवेशकों की बिकवाली और रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर ने बाजार पर दबाव बढ़ाया। आईटी और रियल एस्टेट शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली।

Share Market Update Today : मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में भारी गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों में चिंता और बढ़ गई। चौतरफा बिकवाली के दबाव में BSE Sensex 1,456 अंक टूटकर 74,559 के स्तर पर बंद हुआ, जबकि Nifty 50 23,500 के नीचे फिसल गया। बाजार पर सबसे बड़ा असर कच्चे तेल की लगातार बढ़ती कीमतों और पश्चिम एशिया में जारी तनाव का पड़ा। वैश्विक अनिश्चितता के बीच निवेशकों का भरोसा कमजोर दिखाई दिया। वहीं विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की लगातार बिकवाली और रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने से बाजार की धारणा और ज्यादा खराब हो गई। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 1,565 अंक तक टूट गया था और 74,449 के निचले स्तर तक पहुंच गया। बाजार में आईटी, रियल एस्टेट और कई दिग्गज शेयरों में भारी बिकवाली देखने को मिली, जिससे निवेशकों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा।

बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में 3,412 में गिरावट रही जबकि 869 शेयर लाभ में रहे। वहीं 129 के भाव में कोई बदलाव नहीं हुआ। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 436.30 अंक यानी 1.83 प्रतिशत का गोता लगाकर 23,379.55 अंक पर बंद हुआ। जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, पश्चिमी एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और एफआईआई की पूंजी निकासी के कारण रुपये के रिकॉर्ड निचले स्तर आने से घरेलू शेयर बाजार दबाव में रहे। उन्होंने कहा कि आईटी और रियल एस्टेट शेयरों में गिरावट व्यापक रही। आईटी शेयरों का प्रदर्शन खराब रहा क्योंकि एआई (कृत्रिम मेधा) संचालित मूल्य दबाव को लेकर चिंताएं बढ़ गईं। चार कारोबारी सत्रों में, बीएसई सूचकांक 3,399.28 अंक यानी 4.36 प्रतिशत लुढ़का जबकि निफ्टी 951.4 अंक यानी 3.91 प्रतिशत नीचे आया है।

इन कंपनियों के शेयरों में आई भयंकर गिरावट

सेंसेक्स में शामिल शेयरों में से टेक महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, एचसीएल टेक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टाइटन और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स प्रमुख रूप नुकसान में रहे। वहीं सिर्फ भारतीय स्टेट बैंक के शेयर में तेजी रही। मझोली कंपनियों से संबंधित बीएसई मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 2.92 प्रतिशत नीचे आया जबकि छोटी कंपनियों से जुड़ा स्मॉलकैप 2.73 प्रतिशत लुढ़क गया। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.75 प्रतिशत बढ़कर 107.1 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। डॉलर के मुकाबले रुपया मंगलवार को 35 पैसे टूटकर अबतक के सबसे निचले स्तर 95.63 (अस्थायी) पर आ गया। लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के. ने कहा कि यह मुनाफावसूली कोई नियमित बिकवाली जैसी नहीं है। वर्तमान गिरावट बाजार में भरोसे की कमी का नतीजा लगती है। उन्होंने कहा, ‘‘निवेशक हाल के नीतिगत संदेशों और मितव्ययिता की टिप्पणियों को इस संकेत के रूप में देख रहे हैं कि नीति निर्माता आने वाले कठिन वृहद आर्थिक परिवेश के लिए तैयारी कर रहे हैं।’’

हरिप्रसाद ने कहा कि भारतीय शेयर बाजार पर दबाव अब तीन बड़े कारकों से और बढ़ रहा है। ये कारक हैं… कच्चे तेल की कीमतों का 105-107 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बने रहना, डॉलर के मुकाबले रुपये का नए रिकॉर्ड निचले स्तर पर आना और विदेशी निवेशकों की लगातार आक्रामक रूप से पूंजी निकासी।अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि ईरान के साथ युद्धविराम अपनी ‘सबसे कमजोर’ स्थिति में है और ‘जीवन रक्षक प्रणाली’ पर है। एक दिन पहले ही उन्होंने ईरान के युद्ध को समाप्त करने के प्रस्ताव को ‘पूरी तरह अस्वीकार्य’ बताकर खारिज कर दिया था। ईरान के साथ युद्धविराम पर एक सवाल के जवाब में ट्रंप ने अपने ओवल दफ्तर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह अपनी सबसे कमजोर स्थिति में है…। उनके द्वारा भेजे गए उस बकवास जवाब को पढ़ने के बाद… मैं यह कह सकता हूं कि यह जीवन रक्षक प्रणाली पर है।’’

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 8,437.56 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। अन्य एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी,चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग निचले स्तर पर बंद हुए, जबकि जापान का निक्की लाभ में रहा। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार सोमवार को सकारात्मक स्तर पर बंद हुए थे। बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 1,312.91 अंक टूटकर 76,015.28 अंक पर बंद हुआ था, वहीं निफ्टी 360.30 अंक की गिरावट के साथ 23,815.85 अंक पर रहा था।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image