Monday, July 6, 2026
HomeLatest Newsराहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय का कमाल, 67 गेंदों में 87 रनों...

राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय का कमाल, 67 गेंदों में 87 रनों की शानदार पारी खेली

अन्वय द्रविड़ ने 67 गेंदों में 87 रन की शानदार पारी खेलकर भारत अंडर-19 टीम को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे युवा वनडे में 285 रन तक पहुंचाया। अन्वय और अर्जुन राजपूत ने 145 रन की साझेदारी की, जबकि श्रीलंका के लिए जिम्मान मेंडिस ने पांच विकेट लिए।

Anvay Dravid News : हंबनटोटा। राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 67 गेंदों में 87 रन बनाए, जिसकी बदौलत भारत अंडर-19 टीम ने श्रीलंका के खिलाफ दूसरे युवा वनडे में सभी विकेट खोकर 285 रन बनाए। शुरुआती चार विकेट 81 रन पर गिरने के बाद अन्वय ने अर्जुन राजपूत के साथ अहम साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। अन्वय (नौ चौके और एक छक्का) और अर्जुन राजपूत (76) ने टीम को संकट से उबारा।

विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय और राजपूत ने पांचवें विकेट के लिए 145 रन जोड़कर भारत को 221 रन तक पहुंचाया। राजपूत के आउट होने से यह साझेदारी टूटी।अन्वय ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की और 47 गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उनके पास शतक बनाने का अच्छा मौका था लेकिन वह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गिम्हान मेंडिस के हाथों आउट हो गए, जिन्होंने श्रीलंका के लिए 41 रन देकर पांच विकेट लिए। उनके आउट होने के बाद भारतीय पारी ज्यादा देर तक नहीं चली। उसने अपने अंतिम तीन विकेट 22 रन के अंदर गंवा दिए। भारत ने पहले मैच में श्रीलंका को चार विकेट से हराया था।

द्रविड़ के बेटे ने खेली जिम्मेदार पारी, टीम को संकट से निकाला

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला करने के बाद, भारतीय अंडर-19 टीम 19वें ओवर में 81 रन पर चार विकेट गंवाकर संकट में थी। इसके बाद 17 वर्षीय प्रतिभाशाली विकेटकीपर-बल्लेबाज अन्वय ने पांचवें विकेट के लिए राजपूत के साथ महज 126 गेंदों में 145 रनों की विशाल साझेदारी करके मेहमान टीम को संभाला। भारत अंडर-19 ने चौथे ओवर में केवल 11 के स्कोर पर दोनों सलामी बल्लेबाजों कप्तान यशवर्धन चौहान (6) और सागर विर्क (4) को खो दिया था। इसके बाद कुशाग्र ओझा (38 रन, 45 गेंद, 6 चौके) और वीके विनीत (45 गेंदों पर 24 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 67 रन जोड़कर पारी को पटरी पर लाया।

नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आए अन्वय उस समय क्रीज पर उतरे जब भारत अंडर-19 टीम 17वें ओवर में 78 रन पर तीन विकेट खो चुकी थी। अन्वय ने 129.85 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को जरूरी रफ्तार दी और सिर्फ 47 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। श्रीलंका अंडर-19 की ओर से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गिमहान मेंडिस ने 8.2 ओवर में 41 रन देकर पांच विकेट चटकाए।

वीनू मांकड़ ट्रॉफी में थे कर्नाटक के दूसरे सबसे बड़े स्कोरर

अन्वय द्रविड़ लगातार अपने प्रदर्शन से प्रभावित कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने वीनू मांकड़ ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक अंडर-19 टीम की कप्तानी की थी। इस टूर्नामेंट की छह पारियों में 55.00 की औसत से 220 रन बनाकर वह टीम के दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज रहे। भारत अंडर-19 का श्रीलंका दौरा तीन वनडे और दो चार दिवसीय मुकाबलों से मिलकर बना है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image