Amitabh Bachchan News: मुंबई लगातार हो रही बारिश के कारण हालात बिगड़ गए हैं. कई जगह जलभराव, लैंडस्लाइड के चलते जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. इसके बावजूद बड़ी संख्या में फैंस अमिताभ बच्चन की एक झलक पाने के लिए उनके जुहू वाले घर जलसा पहुंच रहे हैं. जिसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर लगातार सामने आ रहे हैं. महानायक अमिताभ बच्चन ने उन फैंस का आभार जताया है.
‘फैंस का ये प्यार भावुक कर देने वाला है’
अमिताभ बच्चन ने अपने ब्लॉग में फैंस से मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा-‘चाहे बारिश हो, धूप हो या सर्दी, वे मौसम की परवाह किए बिना आते हैं और वही उत्साह बनाए रखते हैं. यह मेरे लिए बेहद भावुक करने वाला है.’ मैं बस हाथ जोड़कर, हाथ हिलाकर और ऑटोग्राफ देकर उनका आभार जता पाता हूं.’

अमिताभ बच्चन 5 दशक से भी अधिक समय से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं. वह हर रविवार अपने आवास के बाहर आकर अपने फैंस से मुलाकात करते हैं, जो उनकी एक झलक पाने के लिए वहां पहुंचते हैं. अभिनेता यह वर्षों से करते आ रहे हैं.
बारिश को लेकर अमिताभ की फैंस से अपील
महानायक ने मुंबई में लगातार हो रही बारिश पर चिंता जताते हुए लोगों को हो रही परेशानी का जिक्र करते अपने प्रशंसकों और मुंबईवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे सुरक्षित रहें और जब तक बहुत जरूरी न हो, घर से बाहर निकलने से बचें.

कल्कि 2 में नजर आएंगे अमिताभ
वर्क फ्रंट की बात करें तो अमिताभ बच्चन जल्द ही फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ के सीक्वल ‘कल्कि 2’ में नजर आएंगे। पहले भाग में उनके अश्वत्थामा के किरदार को दर्शकों ने खूब सराहा था। सीक्वल में भी वह इसी दमदार भूमिका में दिखाई देंगे.
ये भी पढ़ें: कृषि विभाग के 3 अफसर निलंबित होते ही गरमाई सियासत, कांग्रेस ने किरोड़ी लाल मीणा को याद दिलाया इस्तीफे वाला वादा



