जयपुर। बॉलीवुड अभिनेत्री राधिका मदान का जयपुर से खास कनेक्शन है। यहां की गलियों से लेकर पारंपरिक बाजारों तक, इस शहर की कई चीजें उन्हें आकर्षित करती हैं। राधिका ने मानसरोवर स्थित पैसिफिक मॉल में प्रीमियम फैशन एवं लाइफस्टाइल ब्रांड अझॉर्ट के नए स्टोर का उद्घाटन किया। यह ब्रांड का 47वां स्टोर है। इस दौरान उन्होंने अपनी फैशन चॉइस, जयपुर से जुड़ी यादों और आने वाली फिल्मों के बारे में बात की।
रोजमर्रा में जींस-हुडी, खास मौकों पर अलग अंदाज
राधिका मदान के मुताबिक, उन्हें इंडियन और वेस्टर्न दोनों तरह के कपड़े पसंद हैं। फिल्मों में अलग-अलग किरदार निभाने के कारण उन्हें कई तरह के लुक्स अपनाने का मौका मिलता है, लेकिन निजी जिंदगी में वह आरामदायक कपड़ों को तरजीह देती हैं। रोजमर्रा के पहनावे में जींस और हुडी उनकी पसंद हैं। अझॉर्ट स्टोर विजिट के दौरान राधिका ने नए कलेक्शन को देखा और खरीदारी भी की। उन्होंने बताया कि उनकी शॉपिंग में इंडियन और वेस्टर्न वियर के साथ बच्चों के कपड़े भी शामिल रहे। स्टोर लॉन्च पर ‘हियर फॉर द लुक्स’ थीम के तहत फैशन शो आयोजित किया गया, जिसमें ब्रांड के नए कलेक्शन को प्रदर्शित किया गया।
जयपुर के बाजारों में इन चीजों की तलाश करती हैं राधिका
जयपुर को लेकर अपने लगाव पर बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि इस शहर में उन्हें हमेशा प्यार और अपनापन मिला है। उनके लिए जयपुर एक लकी शहर रहा है। उनकी फिल्मों ‘अंग्रेजी मीडियम’ और ‘पटाखा’ की शूटिंग भी जयपुर में हुई थी, जिससे यहां की यादें उनके लिए और खास बन गई हैं। शहर में खरीदारी की बात हो तो राधिका को स्ट्रीट शॉपिंग पसंद है। ऑक्सीडाइज्ड ज्वेलरी, जैकेट और कढ़ाई वाली जैकेट उनकी पसंदीदा चीजों में शामिल हैं। स्थानीय बाजारों की पारंपरिक कारीगरी और अलग-अलग डिजाइन उन्हें आकर्षित करते हैं। उनके लिए फैशन सिर्फ बड़े ब्रांड्स तक सीमित नहीं, बल्कि स्थानीय बाजारों में मिलने वाले खास डिजाइन भी इसका अहम हिस्सा हैं।
आने वाले प्रोजेक्ट्स पर भी की बात
राधिका मदान ने अपने फिल्मी काम को लेकर ‘सना’ और ‘रूमी की शराफत’ का जिक्र किया। ‘रूमी की शराफत’ की रिलीज अगले साल होने की बात कही गई। इन प्रोजेक्ट्स के साथ अभिनेत्री एक बार फिर दर्शकों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की तैयारी में हैं। फैशन और फिल्मों के साथ जयपुर से अपने जुड़ाव को साझा करते हुए राधिका ने शहर के प्रति अपना खास लगाव जाहिर किया।



