जयपुर। राजधानी जयपुर में एक महिला ने अपने किराएदार पर दुष्कर्म और शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत के अनुसार, पति की मौत के बाद आरोपी ने उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का वादा कर उसका विश्वास जीता। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
2021 में जबरदस्ती करने का आरोप
पुलिस के अनुसार, पीड़िता जयपुर की रहने वाली है। मकान में किराएदार होने के कारण आरोपी युवक से उसकी बातचीत होती थी। महिला के पति की मौत की जानकारी मिलने के बाद आरोपी ने उससे नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दीं। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि वर्ष 2021 में घर में अकेला पाकर आरोपी ने उसके साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर उसने शादी करने का भरोसा दिलाया। पीड़िता का आरोप है कि इसी वादे की आड़ में आरोपी करीब दो साल तक उसका शारीरिक शोषण करता रहा।
दूसरी युवती से शादी करने पर दर्ज कराया मामला
पीड़िता के मुताबिक, वर्ष 2023 में आरोपी ने किसी दूसरी युवती से शादी कर ली। इसके बाद महिला को कथित तौर पर धोखा दिए जाने का पता चला और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए और मेडिकल जांच करवाने के बाद मामले की जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, आरोपी को शनिवार दोपहर दबिश देकर गिरफ्तार किया गया। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



