Qatar Ras Laffan Gas Plant Blast: कतर के सबसे बड़े गैस प्लांट रास लाफान के LNG कॉम्प्लेक्स में हुए भीषण धमाके में 13 लोगों की मौत हुई है. जिनमें से 12 भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं. इसके अलावा हादसे में 66 लोग घायल भी हुए हैं. यह हादसा उस समय हुआ जब ईरानी हमले से प्रभावित बंद प्लांट से दोबारा उत्पादन शुरू किया जा रहा था. कतर के अधिकारियों ने बताया कि यह विस्फोट रास लाफान इंडस्ट्रियल सिटी स्थित बरजान लोकल गैस सप्लाई फैसिलिटी में हुआ. बरजान गैस प्लांट कतर के सबसे बड़े गैस हब रास लाफान का हिस्सा है. यहीं से दुनियाभर के देशों को गैस सप्लाई भेजी जाती है और यही से घरेलू बिजली संयंत्रों और उद्योगों को भी गैस सप्लाई होती है.
कतर के ऊर्जा मंत्री ने कही ये बात
कतर के ऊर्जा मंत्री साद अल काबी ने कहा है कि यह एक हादसा था. अब तक इसमें किसी साजिश या किसी हमले के संकेत नहीं मिले हैं. यह प्लांट ईरान के हमले के बाद से ही बंद था. 2 दिन पहले ही इसे शुरू किया गया था. हादसे के संभावित कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. वहीं दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने इस पूरी घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है. दूतावास का कहना है कि हादसे में कई लोग घायल हुए हैं और कई लोगों के लापता होने भी जानकारी भी मिली है.
हादसे के पीछे तकनीकी कारण को बताया वजह
वहीं, कतर के गृह मंत्रालय ने बयान में कहा कि रास लाफान औद्योगिक शहर में रविवार शाम बरजान स्थानीय गैस आपूर्ति संयंत्र में परिचालन के दौरान आई तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुए धमाके और उसके बाद लगी आग में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 66 अन्य घायल हो गए. सुरक्षा अधिकारियों ने रास लाफान में आपातकालीन प्रतिक्रिया दलों के साथ मिलकर तुरंत बचाव अभियान शुरू किया. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मौके पर राहत एवं बचाव अभियान पूरा कर लिया गया है. हालांकि अधिकारी घटना के सटीक तकनीकी कारणों का पता लगाने और उससे जुड़ी सभी परिस्थितियों का ब्यौरा जुटाने के लिए जांच में जुट गए हैं.
भारतीय दूतावास ने हर संभव मदद का दिलाया भरोसा
दोहा स्थित भारतीय दूतावास ने घटना को लेकर सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा- रास लाफान इंडस्ट्रीयल सिटी में हुए विस्फोट में जान गंवाने वाले उन लोगों के परिवारों के प्रति हम गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं. इसके साथ ही आगे कहा कि हम कतर के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और जिन लोगों की जान गई है या जो घायल हुए हैं, उनके परिवारों को हर संभव मदद दी जाएगी. एम्बेसी से इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है: +974-55647502 या +975-55384683 और ईमेल: cons.doha@mea.gov.in




