Tuesday, June 23, 2026
HomeIndiaलखनऊ अग्निकांड में 15 की मौत, सीएम योगी का बड़ा एक्शन, 4...

लखनऊ अग्निकांड में 15 की मौत, सीएम योगी का बड़ा एक्शन, 4 गिरफ्तार, 4 अधिकारी निलंबित, जांच के लिए SIT गठित

Lucknow Aliganj Coaching Centre Fire: लखनऊ के अलीगंज स्थित तीन मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में आग लगने से 15 लोगों की मौत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय SIT गठित कर 7 दिन में रिपोर्ट मांगी है। इमारत मालिकों समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बिजली, अग्निशमन और LDA के 4 अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है।

Lucknow Aliganj Coaching Centre Fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है. अलीगंज स्थित एक 3 मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में लगी आग में 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए. घटना के बाद प्रशासन ने तुरंत एक्शन लेते हुए इमारत के मालिकों समेत 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं लापरवाही के आरोप में 4अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है.

धुएं के कारण अधिकांश लोगों की मौत

यह हादसा अलीगंज थाना क्षेत्र में उषा मेहता मार्ग पर स्थित एक कमर्शियल भवन में दोपहर करीब 3 बजे हुआ. पुरनिया बाजार के पास स्थित इस इमारत में कई कोचिंग सेंटर और कैफे संचालित होते थे. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग एसी डक्ट से शुरू हुई और बाहर निकलने के पर्याप्त रास्ते नहीं होने के कारण धुएं से दम घुटने से बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई.

हादसे में 15 लोगों की मौत

किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के अनुसार, बचाव दल ने कुल 22 लोगों को अस्पताल पहुंचाया था. इनमें से 15 लोगों को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि 9 घायल हुए. घायलों में से 7 को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि दो का इलाज जारी है. मरने वालों की शिनाख्त सागर, नीलेश, अनामिका, संयम, अनुछा, सुखमनी, आदित्य श्रीवास्तव, ज्योति, भविष्य, अब्दुल रहमान, सूरज शाह, शाहजान, जयनिल चक्रवर्ती, मोहम्मद अम्मार और सुमाल्या के रूप में हुई है.

SIT को 7 दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश

घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल विशेष जांच दल (SIT) के गठन के निर्देश दिए हैं. दो सदस्यीय SIT में पर्यटन, धर्मार्थ एवं संस्कृति विभाग के अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार को शामिल किया गया है. समिति को 7 दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं.

4 गिरफ्तार, 4 अधिकारियों को किया सस्पेंड

पुलिस ने मामले में राम कृष्ण उपाध्याय, वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, तुषार कृष्ण जायसवाल और सुरेश कुमार साहू को गिरफ्तार किया है. इनमें उपाध्याय, शुक्ला और जायसवाल इमारत के संयुक्त मालिक बताए जा रहे हैं. वहीं मुख्यमंत्री के निर्देश पर बिजली विभाग के अधिकारी गौरव कुमार, अग्निशमन विभाग के अधिकारी कमलेन्द्र कुमार सिंह और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के सहायक अभियंता अनिल कुमार और कनिष्ठ अभियंता प्रमोद पांडेय को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है. सरकार ने स्पष्ट किया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.

दौरा बीच में छोड़ लखनऊ पहुंचे सीएम योगी

घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपना अलीगढ़ दौरा बीच में छोड़कर लखनऊ पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और बाद में अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की. रक्षा मंत्री और लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने भी मौके का दौरा कर हालात का जायजा लिया.

मुआवजे का ऐलान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है. वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है.

ये भी पढ़ें: कतर के सबसे बड़े गैस प्लांट में भीषण धमाका, 12 भारतीयों समेत 13 की मौत, 66 लोग घायल


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image