Tuesday, May 5, 2026
HomeLatest NewsSRH के खिलाफ पंजाब की वापसी की जंग, टॉप ऑर्डर फ्लॉप, मिडिल...

SRH के खिलाफ पंजाब की वापसी की जंग, टॉप ऑर्डर फ्लॉप, मिडिल ऑर्डर दबाव में, क्या जीत से फिर पटरी पर लौटेगी टीम

पंजाब किंग्स लगातार दो हार के बाद दबाव में है और उसे इंडियन प्रीमियर लीग में वापसी के लिए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाना होगा। 9 मैचों में 13 अंकों के साथ शीर्ष पर रहते हुए भी टीम की बल्लेबाजी कमजोर कड़ी बन गई है। टॉप ऑर्डर की नाकामी और गेंदबाजी में अनुशासन की कमी टीम के लिए चिंता का विषय है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद, जो अंक तालिका में तीसरे स्थान पर है, पिछली हार से उबरकर जीत की राह पर लौटना चाहेगी। पैट कमिंस की कप्तानी वाली टीम की बल्लेबाजी मजबूत है, जिसमें ट्रैविस हेड, ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे खिलाड़ी शामिल हैं, जो मैच का रुख बदल सकते हैं।

Punjab Kings vs Sunrisers Hyderabad : हैदराबाद। पिछले दो मैचों में बल्लेबाजों की नाकामी की वजह से हार का सामना करने वाली पंजाब किंग्स की टीम को अगर अपना अभियान वापस पटरी पर लाना है तो उसे बुधवार को यहां सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ होने वाले आईपीएल मुकाबले में फिर से अपनी आक्रामक लय हासिल करनी होगी। लगातार छह मैच जीतने वाली पंजाब की टीम पिछले दो मैचों में लड़खड़ा गई है। इन मैचों में हार ने उसकी उन कमजोरियों को उजागर किया है जिन्हें वह जल्द से जल्द दूर करना चाहेगी।

13 अंकों के साथ तालिका में टॉप पर PBKS पर

पंजाब किंग्स भले ही नौ मैचों में 13 अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर बना हुआ है लेकिन अब गलतियों की गुंजाइश काफी कम हो गई है, क्योंकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी), सनराइजर्स हैदराबाद, राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स सभी उससे केवल एक अंक पीछे हैं। बल्लेबाजों की नाकामी के कारण पंजाब किंग्स को पिछले कुछ मैच में हार का सामना करना पड़ा। इससे पहले के मैचों में उसके बल्लेबाजों ने अपने आक्रामक अंदाज का शानदार नमूना पेश किया था। बल्लेबाजों के अच्छे प्रदर्शन के कारण इन मैचों में उसकी गेंदबाजी की कमियों पर किसी का खास ध्यान नहीं गया। शुरुआती दौर में लय बनाने वाले शीर्ष क्रम के बल्लेबाज लड़खड़ा गए हैं। प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह और कूपर कोनोली की युवा तिकड़ी की आक्रामक रणनीति लापरवाही में बदल गई है। इससे टीम को शुरुआती झटके सहने पड़े और मध्य क्रम को पारी संभालने की जिम्मेदारी उठानी पड़ी।

पंजाब किंग्स का मध्य क्रम भी चोटी के बल्लेबाजों की नाकामी के बाद अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाया जबकि पूरे टूर्नामेंट के दौरान उसकी गेंदबाजी बहुत अच्छी नहीं रही है। यहां तक कि पंजाब किंग्स जब जीत दर्ज कर रहा था तब भी उसके गेंदबाजों ने विपक्षी बल्लेबाजों को बीच-बीच में खुलकर रन बनाने दिए हैं। यही नहीं उसकी गेंदबाजी में महत्वपूर्ण मौकों पर अनुशासन की कमी के कारण अच्छा अंत करना लगातार एक समस्या बनी हुई है। अब जबकि टूर्नामेंट महत्वपूर्ण चरण में पहुंच गया है तब पंजाब को सनराइजर्स के खिलाफ यहां की बल्लेबाजी के लिए अनुकूल परिस्थितियों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा और स्पष्ट रणनीति के साथ मैदान पर उतरना होगा।

ईशान किशन को छोड़कर बाकी बल्लेबाज नहीं चल पाए

तीसरे स्थान पर काबिज सनराइजर्स की टीम पिछले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स से सात विकेट से मिली हार से उबरने के लिए बेताब होगी। इस हार से उसकी लगातार पांच मैचों की जीत का सिलसिला टूट गया। इससे पैट कमिंस की अगुवाई वाली टीम ने अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचने का मौका भी गंवा दिया था। उस मैच में ट्रैविस हेड और ईशान किशन को छोड़कर बाकी बल्लेबाज नहीं चल पाए। लेकिन सनराइजर्स की बल्लेबाजी बेहद मजबूत है जिसमें हेड और किशन के अलावा अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन जैसे धुरंधर बल्लेबाज शामिल हैं। कप्तान कमिंस की वापसी से सनराइजर्स की गेंदबाजी को मजबूती मिली है। उसके तेज गेंदबाजों ने डेथ ओवरों में अच्छा प्रदर्शन किया है।

टीम इस प्रकार हैं: सनराइजर्स हैदराबाद: पैट कमिंस (कप्तान), सलिल अरोड़ा (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), ट्रैविस हेड, रविचंद्रन अश्विन, अनिकेत वर्मा, अभिषेक शर्मा, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेट्रा, लियाम लिविंगस्टोन, कामिंडु मेंडिस, नीतीश कुमार रेड्डी, हर्षल पटेल, शिवम मावी, शिवांग कुमार, अमित कुमार, गेराल्ड कोएत्ज़ी, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, ओंकार तरनाले, जयदेव उनादकट, जीशान अंसारी।

पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह, मिचेल ओवेन, नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, मार्को यानसन, मुशीर खान, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विजयकुमार विशाक, यश ठाकुर, कूपर कोनोली, बेन द्वारशुइस, प्रवीण दुबे, विशाल निषाद, पाइला अविनाश, विष्णु विनोद।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Banner