Pachpadra Refinery Inauguration: बालोतरा/जयपुर। ग्रीनफील्ड रिफाइनरी के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि आज का दिन राजस्थान के लिए बेहद सौभाग्यशाली है. हमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मार्गदर्शन प्राप्त हो रहा है. उनका राजस्थान से हमेशा विशेष लगाव रहा है. जब-जब वे राजस्थान आए हैं, तब-तब उन्होंने प्रदेश को नई-नई विकास परियोजनाओं की सौगात दी है.’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने आज राजस्थान को 1 लाख 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात दी है, जो प्रदेश की अर्थव्यवस्था और आधारभूत ढांचे को नई मजबूती प्रदान करेगी.
‘प्रधानमंत्री जो कहते हैं वो करके दिखाते हैं’
सीएम भजनलाल शर्मा ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री केवल घोषणाएं नहीं करते, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर दिखाते हैं. मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि 16 जनवरी 2018 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पचपदरा की धरती पर रिफाइनरी परियोजना की आधारशिला रखी थी और अब उसी परियोजना का उद्घाटन कर उन्होंने अपने संकल्प को पूरा किया है.
#WATCH | पचपदरा, राजस्थान | मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, "आज ये बहुत ही सौभाग्यशाली दिन है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमें मार्गदर्शन मिल रहा है… प्रधानमंत्री का राजस्थान से हमेशा विशेष लगाव रहा है। आप जब भी राजस्थान पधारे हैं, आपने राजस्थान को हमेशा नई-नई… https://t.co/xh6V6EBOBd pic.twitter.com/WZJlSYO7vx
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 4, 2026
‘रिफाइनरी राजस्थान के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि करीब 80 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह रिफाइनरी राजस्थान के औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगी. उन्होंने इसे प्रदेश की भाग्यरेखा बताते हुए कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और पश्चिमी राजस्थान के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी. प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजस्थान में सड़क, रेल, ऊर्जा, सिंचाई, उद्योग और बुनियादी ढांचे से जुड़ी अनेक परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है. उन्होंने विश्वास जताया कि इन विकास कार्यों का लाभ प्रदेश के हर वर्ग तक पहुंचेगा और राजस्थान देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा.
ये भी पढ़ें: मॉनसून की एंट्री के बाद देश के कई राज्यों में जोरदार बारिश, गुजरात में बाढ़ जैसे हालात, जम्मू कश्मीर में लैंडस्लाइड



