नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्हें हीरो बताया। उन्होंने कहा कि बेहद गंभीर खतरे के बीच घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने हिम्मत नहीं छोड़ी और दूसरों की जान बचाने के लिए पूरी मजबूती से मुकाबला किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि कैप्टन मच्छार की बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बचाने में मदद मिली और एक बड़ी त्रासदी को टाला जा सका। पीएम ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि भारत को कैप्टन मच्छार पर गर्व है। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं।’ उन्होंने कहा कि गंभीर खतरे और बुरी तरह घायल होने के बावजूद मच्छार ने दूसरों की जान बचाने के लिए जबरदस्त साहस और अटूट संकल्प दिखाया।
दुबई से तेल अवीव जा रही थी फ्लाइट
पूरा मामला फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 से जुड़ा है। यह विमान दुबई से तेल अवीव जा रहा था और इसमें 170 से ज्यादा लोग सवार थे। बुधवार को उड़ान के दौरान कॉकपिट में कैप्टन और को-पायलट के बीच हिंसक घटना हुई। भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर उनके ओमानी को-पायलट ने चाकू से हमला किया। इसके बाद विमान अचानक तेजी से नीचे आने लगा। फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक विमान कुछ ही समय में हजारों फीट नीचे आ गया। हमले में कैप्टन स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने स्थिति संभालने की कोशिश जारी रखी और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में कामयाब रहे। इसके बाद यात्री और क्रू मेंबर कॉकपिट तक पहुंचे और आरोपी को काबू करने में मदद की। विमान में मौजूद दूसरे पायलटों ने भी कंट्रोल संभालने में मदद की। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
नेतन्याहू ने भी की कैप्टन मच्छार की तारीफ
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने मुकाबला किया, जिससे यात्रियों और क्रू को हमलावर को रोकने का मौका मिला। पीएम मोदी ने भी अपने पोस्ट में कहा कि कैप्टन मच्छार की बहादुरी ने सैकड़ों लोगों की जान बचाने और एक बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की। फ्लाइट में 174 यात्री और क्रू सदस्य सवार थे।
कौन हैं कैप्टन स्मित मच्छार?
कैप्टन स्मित मच्छार भारतीय नागरिक हैं और मूल रूप से गुजरात से हैं। उन्होंने करीब 11 साल तक स्पाइसजेट में काम किया। इसके बाद जून 2022 में वह फ्लाईदुबई से जुड़े। कैप्टन मच्छार बोइंग 737 विमान उड़ाते हैं और उनके पास कमर्शियल एविएशन का 10 साल से ज्यादा का अनुभव है। वह फ्लाईदुबई में डायरेक्ट-एंट्री कैप्टन के तौर पर जुड़े थे। स्पाइसजेट में उन्होंने दूसरे पायलटों की ट्रेनिंग और गाइडेंस का काम भी किया था।
विदेश मंत्री जयशंकर ने भी किया सलाम
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि गंभीर खतरे के बीच मच्छार ने असाधारण साहस और सूझबूझ दिखाई। जयशंकर के मुताबिक, उनकी हिम्मत ने सैकड़ों लोगों की जान बचाने और बड़ी त्रासदी को टालने में मदद की। उन्होंने कैप्टन की बहादुरी को सलाम करते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
विदेश मंत्रालय ने बताया- सुरक्षित हैं कैप्टन
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी कैप्टन मच्छार की बहादुरी को सलाम किया। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने अद्भुत साहस दिखाया और उनकी बहादुरी से कई लोगों की जान बची। जायसवाल ने बताया कि कैप्टन मच्छार का इलाज चल रहा है और वह सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि देश कैप्टन और उनके परिवार के साथ खड़ा है।
गुजरात के नेताओं ने भी की तारीफ
गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी ने कहा कि जमीन से हजारों फीट ऊपर जब खतरा सामने आया, तब कैप्टन स्मित मच्छार 174 लोगों और बड़ी त्रासदी के बीच खड़े रहे। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन ने हमलावर का सामना किया और गुजरात से जुड़े इस कैप्टन ने देश का गौरव बढ़ाया है। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कैप्टन मच्छार को साहस, कर्तव्य और मानवता की मिसाल बताया। वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कैप्टन को ‘न्यू इंडियन आइकन’ और ‘फियरलेस हीरो’ बताया। कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को लेकर प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।



