Delcy Rodriguez India Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता की. इस बैठक में ऊर्जा, व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई. खास तौर पर दोनों देशों के बीच ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया.
डेल्सी रोड्रिगेज बुधवार को भारत दौरे पर पहुंची थीं. उनके साथ एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जिसमें विदेश, अर्थव्यवस्था एवं वित्त, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, संचार एवं सूचना तथा परिवहन मंत्रालयों के वरिष्ठ मंत्री शामिल हैं. इस दौरे को भारत और वेनेजुएला के बीच संबंधों को नई मजबूती देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है.
‘रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी होगी और मजबूत’
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने डेल्सी रोड्रिगेज़ और पीएम मोदी की मुलाक़ात की तस्वीरें शेयर करते हुए सोशल प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा-दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की और ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य सेवा और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों में सहयोग के नए मार्ग तलाशे. दोनों नेताओं ने आपसी हित के वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया. दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय साझेदारी को और गहरा करने और ‘ग्लोबल साउथ’ के हितों को आगे बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई.
MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आज 'X' पर वेनेज़ुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज़ के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाक़ात की तस्वीरें शेयर कीं।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 4, 2026
उन्होंने कहा, "दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों के पूरे दायरे की समीक्षा की और ऊर्जा, व्यापार, निवेश, स्वास्थ्य… pic.twitter.com/gaMzH1hraE
कच्चे तेल में महत्वपूर्ण साझेदार बन रहा वेनेजुएला
पश्चिम एशिया में जारी तनाव और आपूर्ति श्रृंखला पर उसके प्रभाव के बीच भारत अपने कच्चे तेल के आयात स्रोतों में विविधता लाने की रणनीति पर काम कर रहा है. इसी कड़ी में वेनेजुएला एक महत्वपूर्ण साझेदार के रूप में उभर रहा है. भारत कभी वेनेजुएला के भारी कच्चे तेल का प्रमुख खरीदार था और एक समय प्रतिदिन 4 लाख बैरल से अधिक तेल का आयात करता था.
हालांकि, अमेरिका द्वारा लगाए गए व्यापक प्रतिबंधों और अनुपालन संबंधी चुनौतियों के कारण वर्ष 2020 के बाद यह आयात लगभग बंद हो गया था. लेकिन पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों में बदलाव और कुछ प्रतिबंधों में ढील मिलने से भारत ने फिर से वेनेजुएला से तेल खरीदना शुरू कर दिया.
वेनेजुएला से बड़ी मात्रा में तेल खरीद रहा भारत
हाल के महीनों में भारतीय तेल कंपनियों ने वेनेजुएला से कच्चे तेल के आयात में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है. जानकारों का मानना है कि भारत और वेनेजुएला के बीच बढ़ता ऊर्जा सहयोग न केवल दोनों देशों के आर्थिक संबंधों को मजबूत करेगा, बल्कि वैश्विक ऊर्जा बाजार में भारत की ऊर्जा सुरक्षा को भी नई मजबूती प्रदान करेगा.
प्रधानमंत्री मोदी और डेल्सी रोड्रिगेज की यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब वैश्विक ऊर्जा बाजार कई चुनौतियों का सामना कर रहा है. ऐसे में दोनों देशों के बीच बढ़ता सहयोग भविष्य में रणनीतिक साझेदारी के नए आयाम खोल सकता है.
ये भी पढ़ें: दिल्ली में होटल में लगी आग ने उजाड़ दिया CA विवेक अग्रवाल का परिवार, अस्पताल में भर्ती पिता को नहीं पता हादसे का सच



