Saturday, October 31, 2026
HomeLatest NewsPilibhit Encounter: यूपी के पीलीभीत में 3 खालिस्तानी आतंकवादी ढेर, गुरदासपुर में...

Pilibhit Encounter: यूपी के पीलीभीत में 3 खालिस्तानी आतंकवादी ढेर, गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर किया था हमला

पीलीभीत/चंडीगढ़, पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड से हमला करने के मामले में कथित रूप से संलिप्त 3 संदिग्ध आतंकवादी सोमवार को पीलीभीत में उत्तर प्रदेश और पंजाब पुलिस की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में मारे गए. पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने इसे पाकिस्तान प्रायोजित ‘खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स’ मॉड्यूल के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी करार दिया. अपराधियों की पहचान गुरदासपुर के निवासी गुरविंदर सिंह (25), वीरेंदर सिंह उर्फ रवि (23) और जसनप्रीत सिंह उर्फ प्रताप सिंह (18) रूप में हुई है. मुठभेड़ उत्तर प्रदेश के पीलीभीत के पूरनपुर पुलिस थाना क्षेत्र में हुई.

2 एके-47 राइफल, कई कारतूस बरामद

उत्तर प्रदेश पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक (कानून व्यवस्था) अमिताभ यश ने बताया कि तीनों गुरदासपुर में एक पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमले में संलिप्त थे. उन्होंने कहा, ”मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत पूरनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया” अस्पताल में तीनों की मौत हो गई. उन्होंने बताया कि उनके पास से दो एके-47 राइफल और दो ग्लॉक पिस्तौल और कई कारतूस बरामद किए गए हैं.

पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक ने कही ये बात

पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अविनाश पांडे ने बताया कि इसके पहले पंजाब पुलिस का दल यहां पहुंचा और स्थानीय पुलिस दल के साथ मिलकर तीनों संदिग्ध आतंकवादियों की तलाश में अभियान चलाया. उन्होंने बताया कि संदिग्ध आतंकवादियों के छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद घेराबंदी की गई और उन्हें सरेंडर की चेतावनी दी, लेकिन उन्होंने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से तीनों घायल हो गए. उन्होंने बताया कि उन्हें पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया.

उप्र और पंजाब पुलिस का संयुक्त अभियान में तीनों आतंकी ढेर

पंजाब पुलिस प्रमुख ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”पाकिस्तान प्रायोजित खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल हुई. उत्तर प्रदेश पुलिस और पंजाब पुलिस के एक संयुक्त अभियान में संगठन के 3 सदस्य मारे गए, जिन्होंने पुलिस दल पर गोलीबारी की.

” उन्होंने कहा कि यह आतंकी मॉड्यूल पंजाब के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस चौकी पर ग्रेनेड हमलों में संलिप्त है. पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने कहा कि पूरे आतंकी मॉड्यूल का खुलासा करने के लिए जांच जारी है.

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image