नई दिल्ली। दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक बहुमंजिला इमारत अचानक ढह गई। बताया जा रहा है कि इस भवन में छात्रों के लिए PG संचालित था। हादसे के बाद कई लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है। राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहे हैं।
दिल्ली फायर सर्विस को दोपहर करीब 1:30 बजे इमारत गिरने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की टीमें, दिल्ली पुलिस, NDRF, DDMA, MCD, CATS और सिविल डिफेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों की तलाश की जा रही है।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक इमारत में करीब 40 से 50 लोग मौजूद हो सकते थे। हालांकि पुलिस ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि मलबे में वास्तव में कितने लोग फंसे हैं। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि इमारत में बड़ी संख्या में छात्र रहते थे।
हादसे में अब तक कम से कम तीन लोगों को बाहर निकालकर AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। रेस्क्यू टीमों ने आसपास की इमारत को भी एहतियात के तौर पर खाली करा दिया है, ताकि बचाव अभियान के दौरान किसी और खतरे की स्थिति न बने।
हादसे के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कुछ स्थानीय लोगों ने इमारत में निर्माण या बेसमेंट से जुड़ा काम चलने की बात कही है, लेकिन इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल प्रशासन का पूरा ध्यान मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा है कि विभिन्न एजेंसियां युद्धस्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही हादसे में फंसे लोगों की सही संख्या और नुकसान की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।



