पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती अमेरिका एवं इजराइल के हमले में मारे गए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए ईरान जाएंगी. ईरान के सर्वोच्च नेता के कार्यालय में अंतरराष्ट्रीय संबंध विभाग के निदेशक मोहसीन कुम्मी ने महबूबा को भारत की विशिष्ट अतिथि के रूप में अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया गया है.
‘ईरान से यह निमंत्रण मिलना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात’
पीडीपी प्रमुख ने कहा, ‘ईरान से यह निमंत्रण मिलना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है और यह जीवन में एक बार मिलने वाले अवसर जैसा है. मैं सर्वोच्च नेता को अंतिम श्रद्धांजलि देने के लिए वहां जाऊंगी.’
निमंत्रण पत्र में कहा गया है कि अयातुल्ला सैयद अली खामेनेई 28 फरवरी को मारे गए थे और राष्ट्रीय शोक की अवधि एवं इस्लामी गणराज्य के प्रोटोकॉल के अनुरूप 3 से 6 जुलाई तक तेहरान में राजकीय अंतिम संस्कार समारोह आयोजित किया जाएगा.
महबूबा को लिखे पत्र में कही गई ये बात
महबूबा को लिखे पत्र में कहा गया है, ‘इस्लामी गणराज्य ईरान और भारत गणराज्य के बीच गहरे ऐतिहासिक एवं रणनीतिक संबंधों के मद्देनजर आपको भारत की विशिष्ट अतिथि के रूप में इस गरिमापूर्ण समारोह में आमंत्रित करना मेरे लिए बड़े सम्मान की बात है.’ पत्र में कहा गया है, ‘आपकी उपस्थिति हमारी दोनों महान प्राचीन सभ्यताओं के बीच गहरी मित्रता और परस्पर सम्मान का प्रमाण होगी.’ कार्यक्रम के अनुसार, तेहरान के ‘इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसल्ला कॉप्लेक्स’ में तीन जुलाई को सर्वोच्च नेता को विदाई दी जाएगी। इसके अगले दिन उनकी स्मृति में कार्यक्रम होगा और छह जुलाई को अंतिम यात्रा निकाली जाएगी.
भारत की ओर से कौन होगा शामिल ?
वहीं, भारत की ओर से खामेनेई के राजकीय अंतिम संस्कार में बिहार के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर) सैयद अता हसनैन और विदेश राज्य मंत्री पवित्र मार्गेरिटा प्रतिनिधित्व करेंगे. सूत्रों के मुताबिक ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन द्वारा पीएम मोदी को दिए गए निमंत्रण के बाद, दोनों भारत सरकार की ओर से 3 जुलाई से शुरू होने वाले अंतिम संस्कार समारोह में शामिल होंगे.
ये भी पढ़ें: लोकमंथन के पांचवें संस्करण का राजस्थान में आयोजन होना गर्व की बात: सीएम भजनलाल शर्मा



