Patna Patliputra Station Violence: बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के आयोजन से पहले राजधानी पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर भारी हंगामा देखने को मिला. परीक्षा देने पहुंचे कुछ अभ्यर्थियों और अन्य लोगों ने अव्यवस्थाओं का आरोप लगाते हुए स्टेशन परिसर में प्रदर्शन किया. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा. घटना के संबंध में 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
ट्रेनों में भी की गई तोड़फोड़
जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में अभ्यर्थी विभिन्न जिलों से परीक्षा देने के लिए पटना पहुंचे थे. इसी दौरान पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर कुछ लोगों ने ट्रेन सेवाओं और यात्रा व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों ने कई ट्रेनों को रोक दिया और स्टेशन परिसर में हंगामा किया. स्टेशन की दुकानों और परीक्षा स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ भी की और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हालात काबू में करने के लिए चलानी पड़ी गोली
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया. अधिकारियों के अनुसार, हंगामे के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी. बताया गया कि हालात को काबू में करने के लिए आईजी जितेंद्र राणा को फायरिंग करनी पड़ी.
जिला अधिकारी ने घटना को लेकर दी ये जानकारी
मामले की जानकारी मिलने पर पटना के जिला अधिकारी डॉ. त्यागराजन भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि देर रात प्रशासन को सूचना मिली थी कि कुछ लोग रेलवे स्टेशन पर हंगामा कर रहे हैं. प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों से शांति बनाए रखने और अन्य परीक्षार्थियों को सहयोग करने की अपील की थी, लेकिन कुछ असामाजिक तत्वों ने स्थिति बिगाड़ने का प्रयास किया.
डीएम ने बताया कि कुछ लोगों ने बार-बार ट्रेनों की इमरजेंसी चेन खींची और अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों की मांग करने लगे, जबकि रेलवे की ओर से पहले ही दो स्पेशल ट्रेनों की व्यवस्था की जा चुकी थी. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारियों ने उन छात्रों को भी आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की जो परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना चाहते थे.
Patna, Bihar: A protest by exam candidates at Patliputra Railway Station turned violent, with reports of train vandalism. Police used tear gas, fired warning shots, and conducted a baton charge to disperse the crowd. The situation remains tense pic.twitter.com/ElBCYed38D
— IANS (@ians_india) June 14, 2026
हल्के बल का करना पड़ा इस्तेमाल
प्रशासन के अनुसार, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. इसके बाद हालात सामान्य हो गए और ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू कर दिया गया. अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित विशेष ट्रेनें अपने गंतव्य के लिए रवाना हो चुकी हैं.
6 नामजद समेत 500 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज
रविवार को पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हुए हंगामे के मामले में रेल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. इस मामले में 6 नामजद आरोपियों समेत करीब 500 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. वहीं पुलिस ने आधा दर्जन छात्रों को गिरफ्तार भी किया है और स्टेशन पर हुई तोड़फोड़ एवं हंगामे में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए CCTV फुटेज खंगाली जा रही है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है.



