Khan Sir Vs Roshan Anand Sir: बिहार की राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर और ज्ञानबिंदु कोचिंग सेंटर के संचालक रोशन आनंद के बीच चल रहे विवाद के बीच बड़ी खबर सामने आई है. रोशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. उनका शव नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल से बरामद किया गया. घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और होटल में मौजूद 5 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
खान सर कोचिंग पर हमले मामले में थे आरोपी
जानकारी के अनुसार, प्रिंस उन आरोपियों में शामिल था जिनके खिलाफ खान सर की कोचिंग पर हुए हमले के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. बताया जा रहा है कि FIR दर्ज होने के बाद प्रिंस अपने कुछ दोस्तों के साथ नेपाल में रह रहा था. देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई. प्रिंस का शव एक होटल में मिला. हालांकि अभी तक उसकी मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है.
2021 में भी खान सर की कोचिंग पर हमले के आरोप लगे थे
बताया जा रहा है कि प्रिंस पर वर्ष 2021 में भी खान सर की कोचिंग पर हुए एक हमले के मामले में आरोप लगे थे.सोशल मीडिया पर कई लोग इस मौत को किसी बड़ी साजिश से जोड़कर देख रहे हैं और विभिन्न तरह के दावे किए जा रहे हैं. हालांकि अभी तक किसी भी एजेंसी या पुलिस की ओर से ऐसी किसी संभावना की पुष्टि नहीं की गई है. जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही हैं.
फिलहाल स्थानीय प्रशासन और पुलिस की जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.



