Parliament Monsoon Session: राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सोमवार को संसद परिसर में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) समेत कई विपक्षी दलों के सांसदों ने जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्षी नेताओं ने सरकार से दोनों मामलों पर जवाब मांगा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से संसद में बयान देने की मांग की.
‘अमित शाह जवाब दो के नारे लगाए’
संसद भवन के मकर द्वार के निकट एकत्र हुए विपक्षी सांसदों ने अमित शाह जवाब दो के नारे लगाए. प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र यादव सहित कई विपक्षी सांसद शामिल हुए.
राम मंदिर चढ़ावा चोरी में जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि राम मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी की घटना से देशभर के लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. उन्होंने मांग की कि सरकार इस मामले की सच्चाई देश के सामने लाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए.
विपक्षी दलों ने की सरकार से रुख स्पष्ट करने की मांग
विपक्षी दलों का आरोप है कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार जवाब देने से बच रही है. उनका कहना है कि इन दोनों मामलों पर संसद के भीतर और बाहर सरकार को अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए.
प्रदर्शन के दौरान विपक्षी नेताओं ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के साथ हुई कार्रवाई पर सरकार को जवाबदेह होना चाहिए और गृह मंत्री अमित शाह को इस पूरे मामले पर संसद में विस्तृत बयान देना चाहिए. विपक्ष का कहना है कि वह इन मुद्दों को संसद के भीतर भी लगातार उठाता रहेगा और सरकार से पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग करता रहेगा.



