Chaiwalaz Founder Rohit Sharma Suicide: जयपुर के चर्चित टी-कैफे ब्रांड ‘चायवालाज’ के संस्थापक रोहित शर्मा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. पुलिस के अनुसार, 30 वर्षीय रोहित शनिवार दोपहर दौसा जिले की साकेत कॉलोनी स्थित अपने घर के एक कमरे में फंदे से लटके मिले. परिजन उन्हें तत्काल जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है. फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है. पुलिस के अनुसार, रोहित के पिता हितेंद्र मोहन शर्मा मेडिकल स्टोर संचालक हैं, जबकि उनकी पत्नी एक निजी विद्यालय में शिक्षिका हैं. उनके परिवार में 7 वर्षीय एक बेटा भी है.
17 साल की उम्र में शुरू की थी कंपनी
रोहित शर्मा ने महज 17 साल की उम्र में नर्सिंग की पढ़ाई के दौरान अपने उद्यमी जीवन की शुरुआत की थी. बाद में उन्होंने जयपुर के मानसरोवर स्थित शिप्रा पथ पर ‘चायवालाज’ का पहला टी-कैफे शुरू किया, जिसे युवाओं के बीच अच्छी पहचान मिली. व्यवसाय की सफलता के बाद उन्होंने जयपुर में दूसरा आउटलेट खोला और फिर अलग-अलग शहरों में विस्तार करते हुए कुल सात आउटलेट स्थापित किए.
6 महीने पहले बंद किए थे सभी आउटलेट
बताया जा रहा है कि करीब 6 महीने पहले रोहित ने ‘चायवालाज’ के सभी आउटलेट बंद कर दिए थे. इसके बाद उनका रुझान अध्यात्म की ओर बढ़ गया और वे विभिन्न धार्मिक स्थलों की यात्रा करने लगे. साथ ही, वे दौसा में सामाजिक गतिविधियों और समाज सेवा से भी जुड़े हुए थे. फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है. अभी तक किसी सुसाइड नोट या आत्महत्या के पीछे की वजह की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी और छात्रों के मुद्दे पर संसद परिसर में विपक्ष का प्रदर्शन, अमित शाह से जवाब की मांग



