जयपुर। जांबिया में आयोजित एशियन लीजेंड्स लीग 2026 अब सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि मैदान के बाहर भी सुर्खियों में है। पाकिस्तान के कई दिग्गज पूर्व क्रिकेटरों के इस टूर्नामेंट में खेलने पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने कड़ा रुख अपनाया है। बोर्ड ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि बिना अनुमति इस लीग में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। यदि कार्रवाई होती है तो कई बड़े नामों पर दो साल तक प्रतिबंध लग सकता है।
इस लीग में पाकिस्तान पैंथर्स टीम का प्रदर्शन भी अब तक निराशाजनक रहा है। टीम शुरुआती दोनों मुकाबले हार चुकी है और अंक तालिका में सबसे नीचे बनी हुई है। लेकिन खेल से ज्यादा चर्चा अब उन खिलाड़ियों की हो रही है, जो इस टूर्नामेंट में भाग लेने के कारण पीसीबी की कार्रवाई के दायरे में आ सकते हैं।
बिना NOC खेलने पर बढ़ी मुश्किलें
रिपोर्ट्स के अनुसार, एशियन लीजेंड्स लीग को आईसीसी या जांबिया क्रिकेट बोर्ड की आधिकारिक मान्यता प्राप्त नहीं है। ऐसे आयोजनों में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों को संबंधित क्रिकेट बोर्ड से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना आवश्यक होता है।
पीसीबी ने अपने बयान में कहा है कि जिन खिलाड़ियों ने बिना अनुमति इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया है, उनके खिलाफ कड़े कदम उठाए जा सकते हैं। यदि बोर्ड कार्रवाई करता है, तो संबंधित खिलाड़ियों पर दो वर्ष तक का प्रतिबंध लगाया जा सकता है। ऐसी स्थिति में वे पाकिस्तान सुपर लीग (PSL), पीसीबी की किसी आधिकारिक गतिविधि, कोचिंग, मेंटरशिप या सलाहकार जैसी भूमिकाओं से भी दूर रह सकते हैं।
इन दिग्गज खिलाड़ियों पर लटक रही तलवार
पाकिस्तान पैंथर्स टीम में कई पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें शोएब मलिक, मोहम्मद हफीज, कामरान अकमल, उमर अकमल, इमरान नजीर, सईद अजमल, सोहेल तनवीर, यासिर शाह, मोहम्मद इरफान, नावेद-उल-हसन, जुल्फिकार बाबर, राहत अली, हसन रजा, शरजील खान, यासिर भट्ट और राणा नईम अनवर जैसे नाम शामिल हैं। इन सभी खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट के मुकाबलों में भाग लिया है और अब पीसीबी के अगले कदम पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
लीग में छह टीमों के बीच मुकाबला
एशियन लीजेंड्स लीग में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें इंडिया रॉयल्स, पाकिस्तान पैंथर्स, बांग्लादेश टाइगर्स, अफगानी पठान, श्रीलंकन लायंस और एशियन स्टार्स शामिल हैं।
पाकिस्तान पैंथर्स को अपने पहले मैच में एशियन स्टार्स और दूसरे मुकाबले में इंडिया रॉयल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। लगातार दो हार के बाद टीम की स्थिति अंक तालिका में कमजोर बनी हुई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पीसीबी अपने पूर्व खिलाड़ियों के खिलाफ वास्तव में कड़ी कार्रवाई करेगा या मामले का कोई दूसरा समाधान निकलेगा। क्रिकेट जगत की नजरें अब बोर्ड के आधिकारिक फैसले पर टिकी हैं।



