हैदराबाद। खाद्य सुरक्षा और पुलिस विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए हैदराबाद में 25 टन से ज्यादा ऐसे मसाले जब्त किए हैं, जिनमें खतरनाक रसायन और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पदार्थ पाए गए हैं। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, जनता से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर हैदराबाद फूड एडल्ट्रेशन सर्विलांस टीम ने मसालों के प्रसंस्करण, खरीद और बिक्री से जुड़े 13 ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम-2006 (FSSA) के कई गंभीर उल्लंघन सामने आए।
गलत लेबलिंग और खतरनाक प्रोसेसिंग का खुलासा
हैदराबाद पुलिस कमिश्नर वी.सी. सज्जनार ने बताया कि जांच में सामने आया कि कुछ कारोबारी गलत लेबलिंग और उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाली प्रोसेसिंग तकनीकों का इस्तेमाल कर रहे थे। छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में ऐसे मसाले मिले, जिनमें खतरनाक रसायन और मिलावटी पदार्थ शामिल थे।
तीन आरोपियों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने इस मामले में अब तक तीन आपराधिक केस दर्ज किए हैं और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के साथ-साथ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत भी सख्त धाराएं लगाई गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक, मिलावट के जरिए लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपील
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता, पैकेजिंग और लेबल की जांच जरूर करें। मिलावटी खाद्य पदार्थों की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को तुरंत सूचित करें।



