भरतपुर। चुनावी नतीजों में कभी हजारों वोटों का अंतर सुर्खियां बनता है, तो कभी एक वोट पूरा परिणाम बदल देता है। भरतपुर के नदबई नगरपालिका के वार्ड नंबर 6 में ऐसा ही बेहद भावुक नतीजा सामने आया। यहां निर्दलीय प्रत्याशी जगदीश प्रसाद ने भाजपा के रामशरण को सिर्फ एक वोट से हराया। जगदीश को 151 वोट मिले, जबकि रामशरण को 150 वोट मिले।
इस जीत से जुड़ा एक भावुक संयोग भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि मतदान के दिन जगदीश की मां ने वोट डाला था और अगले ही दिन उनका निधन हो गया। इसके बाद जब मतगणना हुई तो जगदीश एक वोट से विजेता घोषित हुए। हालांकि, यह कहना संभव नहीं है कि उनकी मां ने जगदीश को ही वोट दिया था, क्योंकि मतदान पूरी तरह गोपनीय होता है। लेकिन मां का आखिरी मतदान और बेटे की एक वोट से जीत अब परिवार के लिए हमेशा एक भावुक याद रहेगी।
151 बनाम 150—सिर्फ एक वोट का अंतर, लेकिन इस जीत की कहानी बेहद खास बन गई।



