Nitin Naveen new BJP president : नई दिल्ली। नितिन नवीन के मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार संभालने के साथ पार्टी के एक नये अध्याय की शुरूआत हो गई। उन्होंने जे. पी. नड्डा की जगह ली है। नवीन ऐसे समय में भाजपा अध्यक्ष बने हैं जब वह देश की राजनीति पर अपनी पकड़ और मजबूत करने की कोशिश कर रही है और पार्टी संगठन में पीढ़ीगत बदलाव के जरिए अपना प्रभाव विस्तारित करना चाहती है।
पीएम मोदी ने दी नितिन नवीन बधाई
इस अवसर पर यहां भाजपा मुख्यालय में एक सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि जब बात पार्टी के विषयों की आती है, तब वह एक कार्यकर्ता हैं और ‘‘माननीय नितिन नवीन जी’’ उनके ‘बॉस’ हैं। नवीन के नाम की औपचारिक घोषणा के बाद, प्रधानमंत्री मोदी और अन्य वरिष्ठ नेता उन्हें पार्टी मुख्यालय स्थित उनके नये कार्यालय में ले गए, जहां उन्होंने आधिकारिक तौर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष नड्डा और पार्टी महासचिव बी एल संतोष, प्रधानमंत्री मोदी के साथ उस समय मौजूद थे, जब नवीन ने अपनी नयी जिम्मेदारियों को संभाला। नवीन की पत्नी, बच्चे और परिवार के अन्य करीबी सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
इससे पहले, पार्टी मुख्यालय में एक सभा को संबोधित करते हुए मोदी ने नवीन (45) को युवा ऊर्जा और संगठन में व्यापक अनुभव वाला एक ‘‘मिलेनियल’’ बताया, जो पार्टी के लिए बहुत मददगार साबित होगा। ‘मिलेनियल’ शब्द आमतौर पर ऐसे व्यक्ति के लिए उपयोग किया जाता है, जिसका जन्म 1980 की दशक की शुरूआत से लेकर 1990 के दशक के मध्य तक हुआ हो। अपने 40 मिनट के भाषण में प्रधानमंत्री ने बार-बार नवीन को ‘‘माननीय’’ कहकर संबोधित किया और पिछले 11 वर्षों में अपनी सरकार की उपलब्धियों को गिनाया, जिसे उन्होंने पार्टी अध्यक्ष को अपने काम का लेखा-जोखा देने के रूप में वर्णित किया।

भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन की नई शुरुआत
मोदी ने भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के काम का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘मैं भी एक पार्टी कार्यकर्ता के रूप में नये अध्यक्ष को अपने काम का हिसाब दे रहा हूं। मैंने अपना हिसाब दे दिया है। अब वह मेरी सीआर (कॉन्फिडेंशियल रिपोर्ट) लिखेंगे। मैं उनके मार्गदर्शन की प्रतीक्षा कर रहा हूं।’’ मोदी ने कहा, ‘‘जब बात पार्टी के विषयों की आती है, तब माननीय नितिन नवीन जी… मैं एक कार्यकर्ता हूं और आप मेरे बॉस हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनका हर शब्द हमें एक नयी दिशा देगा। उनका मार्गदर्शन एक अमूल्य धरोहर होगा जो हमारे भविष्य की कार्ययोजना तय करेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अब माननीय नितिन नवीन जी हम सभी के अध्यक्ष हैं और उनका दायित्व सिर्फ भाजपा को संभालना ही नहीं है बल्कि राजग के सभी साथियों के बीच तालमेल का दायित्व भी उन्हें संभालना है।’’
नवीन ने अपने संबोधन में लोगों, खासकर युवाओं से राजनीति में आने की अपील की ताकि प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा किया जा सके। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को उनके काम का उचित सम्मान मिलने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि भाजपा का ‘‘निगरानी तंत्र’’ इतना मजबूत है कि वह हर किसी के प्रयासों पर गौर करता है। उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से पश्चिम बंगाल समेत पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों में भाजपा की सफलता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करने, ‘‘सनातन परंपराओं और आस्था’’ की रक्षा करने और देश को जनसांख्यिकीय परिवर्तनों से बचाने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा, ‘‘15 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के युवाओं से सार्वजनिक जीवन में प्रवेश करने का आह्वान किया था। मैं देश के युवाओं से कहना चाहता हूं कि राजनीति से दूर रहना समाधान नहीं, बल्कि सक्रिय योगदान देना ही समाधान है।’’
नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के भारत को विकसित देश बनाने के संकल्प को पूरा करने के लिए युवाओं को आगे आकर ‘‘सकारात्मक राजनीति’’ में भाग लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं युवाओं को यह भी बताना चाहूंगा कि राजनीति में कोई शॉर्टकट नहीं है। राजनीति सौ मीटर की दौड़ नहीं बल्कि मैराथन है, जहां गति नहीं बल्कि सहनशक्ति की परीक्षा होती है। आगे आइए और अपनी जड़ों को मजबूत रखते हुए इस राजनीतिक मैदान पर काम कीजिए।’’ नड्डा ने नवीन को भाजपा का ‘‘युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली कार्यकर्ता’’ बताते हुए कहा कि उनके पास पार्टी के लिए विभिन्न पदों पर काम करने और बिहार में राजग सरकार में मंत्री के रूप में कार्य करने का व्यापक संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव है।
नड्डा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘इतनी कम उम्र में वह पांच बार विधायक रहे हैं। उन्होंने बिहार सरकार में मंत्री के रूप में भी कार्य किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘युवा मोर्चा में रहने के दौरान उन्होंने पूरे देश का दौरा किया और उसे समझा। वह सिक्किम में पार्टी के प्रभारी थे। छत्तीसगढ़ में भाजपा को सत्ता में लाने में उनका बड़ा योगदान रहा।’’ भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष ने कहा कि नवीन प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पार्टी को ‘‘तेजी से’’ आगे ले जाएंगे। नड्डा ने भाजपा अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान मिले समर्थन के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान, समय निकालकर उनका मार्गदर्शन करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘आज का दिन एक ऐतिहासिक अवसर है, जब हमारे युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली नितिन नवीन विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण कर रहे हैं। मैं अपनी ओर से और करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं।’’
भाजपा के संगठनात्मक चुनावों के निर्वाचन अधिकारी के. लक्ष्मण ने संगठनात्मक चुनावों के परिणाम घोषित किए और नवीन को चुने जाने का प्रमाण पत्र सौंपा, जो पार्टी के शीर्ष पद पर आसीन होने वाले अब तक के सबसे युवा व्यक्ति हैं। नवीन भाजपा के 12वें अध्यक्ष बने, जिसकी स्थापना 1980 में हुई थी और उसी वर्ष उनका जन्म भी हुआ था। नवीन ने पिछले साल 14 दिसंबर को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने के बाद बिहार सरकार में कानून और न्याय, शहरी विकास और आवास मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। लक्ष्मण ने चुनाव के नतीजों की घोषणा करते हुए कहा, ‘‘यह चुनाव दर्शाता है कि भाजपा में नेतृत्व वंशवादी विशेषाधिकार से नहीं, बल्कि कड़ी मेहनत और समर्पण से उभरता है।’’




