Wednesday, August 12, 2026
HomeIndiaन्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में 15 अगस्त को ‘भारत स्वतंत्रता दिवस’ की...

न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में 15 अगस्त को ‘भारत स्वतंत्रता दिवस’ की मान्यता, भारतीय-अमेरिकी समुदाय को बड़ा सम्मान

न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी ने 15 अगस्त 2026 को ‘भारत स्वतंत्रता दिवस’ के रूप में मान्यता दी है। दोनों राज्यों के राज्यपालों ने भारत की स्वतंत्रता यात्रा और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को रेखांकित किया। घोषणाओं को भारत-अमेरिका के मजबूत संबंधों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों से जोड़कर देखा जा रहा है। इस अवसर पर अमेरिका में भारतीय समुदाय कई सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित करेगा।

न्यूयॉर्क। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले अमेरिका के न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी राज्यों ने 15 अगस्त 2026 को ‘भारत स्वतंत्रता दिवस’ के रूप में घोषित किया है। दोनों राज्यों के राज्यपालों की ओर से जारी घोषणाओं में भारत की स्वतंत्रता यात्रा और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया गया है।

न्यूयॉर्क की गवर्नर कैथी होकुल ने पूरे राज्य में 15 अगस्त को भारत स्वतंत्रता दिवस के तौर पर मान्यता देने की घोषणा की। वहीं, न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने भी इसी दिन को भारत के स्वतंत्रता दिवस के रूप में घोषित किया। दोनों घोषणाएं भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह से कुछ दिन पहले सामने आई हैं। इन घोषणाओं को भारत और अमेरिका के बीच मजबूत होते संबंधों और साझा लोकतांत्रिक मूल्यों के संदर्भ में देखा जा रहा है। न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग रहते हैं।

इन समुदायों ने व्यापार, स्वास्थ्य सेवा, तकनीक, शिक्षा और सार्वजनिक सेवा सहित कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। न्यूयॉर्क की घोषणा में भारतीय-अमेरिकी समुदाय की राज्य के सांस्कृतिक, आर्थिक और सामाजिक जीवन में भूमिका को रेखांकित किया गया है। साथ ही भारत के औपनिवेशिक शासन से स्वतंत्रता हासिल करने के संघर्ष, आत्मनिर्णय और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता का भी उल्लेख किया गया है।

न्यू जर्सी की घोषणा में भी राज्य में रहने वाले भारतीय-अमेरिकी समुदाय को वहां के सबसे बड़े और सक्रिय प्रवासी समुदायों में से एक बताया गया है। भारतीय मूल के लोगों की सामाजिक और आर्थिक भागीदारी को दोनों राज्यों के विकास से जोड़कर देखा गया है। भारत के महावाणिज्य दूतावास, न्यूयॉर्क ने दोनों राज्यों के राज्यपालों के फैसले का स्वागत किया है। दूतावास ने कहा कि यह कदम भारत और अमेरिका के बीच मित्रता, लोकतंत्र और साझा मूल्यों के मजबूत संबंधों को दर्शाता है।

इस वर्ष भारत अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। अमेरिका में भी भारतीय समुदाय की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। न्यूयॉर्क में 15 अगस्त को भारत दिवस परेड समेत कई कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें भारतीय तिरंगे और भारतीय संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी की यह घोषणा अमेरिका में भारतीय मूल के लोगों की बढ़ती सामाजिक और आर्थिक भूमिका को रेखांकित करती है। साथ ही इसे दोनों देशों के बीच लोगों के स्तर पर मजबूत होते रिश्तों और सांस्कृतिक जुड़ाव के प्रतीक के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image