Monday, May 18, 2026
HomeIndiaनड्डा का कोटा दौरा, संभाग पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक...

नड्डा का कोटा दौरा, संभाग पदाधिकारियों के साथ करेंगे बैठक…

कोटा। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को कोटा पहुंचे जहां वह संभाग के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

नड्डा कोटा हवाईअड्डे पहुंचे जहां पार्टी नेताओं और महिला मोर्चा के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। उसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष एक होटल पहुंचे जहां कोटा और बूंदी जिले के पार्टी पदाधिकारियों की पहली बैठक शुरू हुई। दूसरे दौर में नड्डा बारां और झालावाड़ के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, स्थानीय विधायक, जिला अध्यक्ष मौजूद थे। बैठक में पार्टी सूत्रों ने बताया कि कोटा संभाग सहित हाड़ौती क्षेत्र की 17 सीटों को लेकर चर्चा होगी। बैठक में संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। नड्डा बुधवार शाम अजमेर के किशनगढ़ जाएंगे जहां वह अजमेर के पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।

कोटा संभाग के सभी 4 जिले उन 13 जिलों में से हैं जो पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) के अंतर्गत आते हैं, जिसके लिए कांग्रेस सरकार केंद्र से राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा मांग रही है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को बारां जिले से ईआरसीपी पर जनजागरण अभियान की शुरुआत की थी। ईआरसीपी एक महत्वाकांक्षी परियोजना है जो लगभग 2 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाओं को बढ़ाने में मदद करेगी और कोटा संभाग सहित पूर्वी राजस्थान के 13 जिलों में पीने के पानी की समस्याओं का समाधान करेगी। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का विधानसभा क्षेत्र- झालरापाटन (झालावाड़) भी इसी संभाग में है। पार्टी ने राजे की भूमिका के बारे में कोई स्पष्टता नहीं दी है। उन्हें मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे देखा जा रहा है। हालांकि, पार्टी ने साफ कर दिया है कि चुनाव प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे और पार्टी चिन्ह कमल पर लड़ा जाएगा।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला भी कोटा से हैं। वह कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि राजे के बेटे दुष्यंत सिंह झालावाड़-बारां से लोकसभा सांसद हैं। इसके अलावा, अशोक गहलोत सरकार के 3 मंत्री शांति धारीवाल (कोटा), प्रमोद जैन भाया (बारां) और अशोक चांदना (बूंदी) भी कोटा संभाग से हैं। इसको देखते हुए नड्डा का दौरा अहम माना जा रहा है। राजस्‍थान में सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में 25 नवंबर को मतदान होगा और वोटों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।

पार्टी ने पहली सूची में 41 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है हालांकि, कोटा संभाग से अभी तक किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है। कोटा संभाग को भाजपा का गढ़ माना जाता है जहां पार्टी के कुल 17 में 10 विधायक हैं।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Mamta Berwa
Mamta Berwa
JOURNALIST
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular