Mumbai Heavy Rain: मुंबई में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है. पिछले 24 घंटों के दौरान शहर और उपनगरों के कई इलाकों में 100 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया. भारी बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जबकि उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाएं भी प्रभावित रहीं.
अधिकारियों के अनुसार, बुधवार सुबह 8 बजे तक बीते 24 घंटे में पूर्वी उपनगरों में औसतन 109 मिलीमीटर, पश्चिमी उपनगरों में 87 मिलीमीटर और मुंबई शहर में 86 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. भारी बारिश के चलते अंधेरी सबवे सहित कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिसके बाद एहतियात के तौर पर कुछ मार्गों पर यातायात डायवर्ट करना पड़ा.
मानखुर्द में सबसे ज्यादा बारिश
बृहन्मुंबई महानगर पालिका (BMC) के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान सबसे अधिक 170.4 मिलीमीटर बारिश मानखुर्द में दर्ज की गई. इसके अलावा भायखला में 162.52 मिलीमीटर, मुंबई सेंट्रल क्षेत्र में 142.43 मिलीमीटर और वडाला में 127 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई. पश्चिमी उपनगरों में भी तेज बारिश देखने को मिली. बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) क्षेत्र में 132.4 मिलीमीटर, बोरिवली में 126 मिलीमीटर और डिंडोशी फायर स्टेशन इलाके में 123 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.
#WATCH | Maharashtra: Morning visuals from Marine Drive as rain lashes various parts of Mumbai. pic.twitter.com/mXseb0pXHp
— ANI (@ANI) July 1, 2026
बुधवार सुबह 7 से 8 बजे के बीच भी कई इलाकों में तेज बारिश जारी रही. इस एक घंटे में सबसे अधिक 39 मिलीमीटर बारिश अंधेरी पश्चिम में हुई. वहीं अंधेरी पूर्व में 34 मिलीमीटर और बांद्रा पश्चिम में 24 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई.
मुंबई लोकल ट्रेन का संचालन प्रभावित
भारी बारिश का असर मुंबई की रेल सेवाओं पर भी पड़ा. मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे की उपनगरीय लोकल ट्रेनें कुछ देरी से संचालित हुईं. वहीं नवी मुंबई को मुंबई के हिस्सों से जोड़ने वाली हार्बर लाइन पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक (ओएचई) तार टूटने के कारण सुबह लगभग एक घंटे तक रेल सेवाएं बाधित रहीं. बाद में तकनीकी टीम ने मरम्मत कार्य पूरा कर सेवाएं बहाल कर दीं. हालांकि, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं यातायात (BEST) की बस सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं.
प्रशासन लगातार जलभराव वाले इलाकों पर नजर बनाए हुए है और नागरिकों से आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की गई है. वहीं मौसम विभाग ने आने वाले घंटों में भी मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है. ऐसे में प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है.
ये भी पढ़ें: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की पहल रंग लाई, 20 साल पुराना पांचना बांध विवाद खत्म, जल्द तय होगी पानी छोड़ने की तारीख



