Jaipur Model Harshil Kalia Accident News : जयपुर। जयपुर के शिप्रा पथ रोड पर सोमवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय मॉडल हर्षिल कालिया की मौत हो गई। सोमवार देर रात वह काम से अपने घर लौट रही थीं, तभी उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर लगते ही कार पलट गई और हर्षिल गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मॉडल को अस्पताल पहुंचाया
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए पलटी हुई कार को सीधा किया और हर्षिल को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हर्षिल कालिया मॉडलिंग के साथ-साथ अभिनय के क्षेत्र में भी सक्रिय थीं। उन्होंने वेब सीरीज ‘क्राइम नेक्स्ट डोर’ में भी काम किया था। इस हादसे के बाद उनके परिचितों और प्रशंसकों में शोक की लहर है।



