PM Narendra Modi Bengal Rally : मथुरापुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) ने बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल में चुनावी हुंकार भरते हुए कहा कि 4 मई की मतगणना राज्य में टीएमसी के 15 साल पुराने “सिंडिकेट सिस्टम” और “महाजंगल राज” के अंत का दिन साबित होगी। दक्षिण 24 परगना जिले के मथुरापुर विधानसभा क्षेत्र के काकद्वीप स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मोदी ने दावा किया कि भारी मतदान इस बात का संकेत है कि तृणमूल कांग्रेस का ‘भय का शासन’ अब खत्म होने जा रहा है और भाजपा के ‘भरोसे’ का वादा जनता के बीच मजबूत होता दिख रहा है।
बंगाल में एक भी ऐसा क्षेत्र नहीं है जहां रिश्वत के बिना काम होता हो : मोदी
मोदी ने कहा, बंगाल में एक भी ऐसा क्षेत्र नहीं है जहाँ रिश्वत के बिना काम होता हो, जहां टीएमसी के सिंडिकेट और उनके बिचौलिए कमीशन न लेते हों। 15 साल पुरानी सिंडिकेट प्रणाली और टीएमसी का ‘महाजंगल राज’ चार मई को समाप्त हो रहा है। ममता बनर्जी सरकार को झूठे वादे करने और लोगों को धोखा देने के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए प्रधानमंत्री ने राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा किए गए ‘‘टूटे वादों’’ की एक सूची गिनाई।
मोदी ने कहा, मुख्य भूमि को सागर द्वीप से जोड़ने वाले पुल का निर्माण, जहां गंगासागर मेला आयोजित होता है, अभी तक शुरू नहीं हुआ है, और लोगों को अभी तक नौकाओं पर निर्भर रहना पड़ता है। उन्होंने कहा, ‘‘इसी तरह, बाढ़ नियंत्रण हेतु घाटाल मास्टर प्लान भी शुरू ही नहीं हो पाया है, और ज़िला-आधारित फ़ूड पार्क तथा नदी तट कटाव से निपटने की परियोजनाएँ भी अभी तक साकार नहीं हो पाई हैं। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी न केवल केंद्रीय परियोजनाओं के कार्यान्वयन को रोकती है, बल्कि विकास परियोजनाओं के लिए केंद्र द्वारा आवंटित धन को भी हड़प लेती है। उन्होंने कहा, ‘]राज्य में भाजपा का मुख्यमंत्री होने पर ही इसे रोका जा सकता है।’
देश की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले घुसपैठियों के प्रति ‘कतई बर्दाश्त नहीं’ : मोदी
मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह लोकसभा में 2029 में विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने के उनकी सरकार के प्रयासों को विफल करने के लिए ‘‘कांग्रेस के साथ मिलीभगत’’ कर रही है। उन्होंने यह भी घोषणा की कि बंगाल में भाजपा के सत्ता में आने के बाद दक्षिण बंगाल के समुद्र-तटीय क्षेत्र के मछुआरों को विशेष वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी, जिसमें मछली उत्पादन और निर्यात पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मोदी ने कहा कि भाजपा ने देश के स्थानीय संसाधनों का दोहन करने वाले और देश की सुरक्षा को खतरे में डालने वाले घुसपैठियों के प्रति ‘‘कतई बर्दाश्त नहीं’’ की नीति अपनाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, वे (घुसपैठिए) इस क्षेत्र में समुद्री मार्गों से भी देश में घुसपैठ कर रहे हैं और यहां बसने के लिए टीएमसी का संरक्षण प्राप्त कर रहे हैं।



