Monday, May 11, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessशेयर बाजार में तीसरे दिन भी भूचाल, सेंसेक्स 1313 अंक टूटा, निफ्टी...

शेयर बाजार में तीसरे दिन भी भूचाल, सेंसेक्स 1313 अंक टूटा, निफ्टी 24000 के नीचे फिसला, वैश्विक तनाव ने बढ़ाई चिंता

स्थानीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे सत्र में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिसमें सेंसेक्स 1,313 अंक और निफ्टी 360 अंक टूटकर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और अमेरिका-ईरान तनाव के कारण वैश्विक अनिश्चितता बढ़ी, जिससे निवेशकों में बिकवाली का दबाव बना। सेंसेक्स 76,015 और निफ्टी 23,815 पर बंद हुआ। तेलंगाना में पीएम मोदी के मितव्ययिता सुझावों और विदेशी संस्थागत निवेशकों की बिकवाली ने भी बाजार भावना को कमजोर किया।

Share Market Update Today : मुंबई। स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही और बीएसई सेंसक्स 1,313 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी 24,000 अंक के नीचे आ गया। अमेरिका और ईरान के शांति समझौते पर पहुंचने में नाकाम रहने के बाद कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच बाजार में गिरावट आई। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,312.91 अंक यानी 1.70 प्रतिशत टूटकर 76,015.28 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 1,370.79 अंक तक लुढ़क गया था। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 360.30 अंक यानी 1.49 प्रतिशत की गिरावट के साथ 23,815.85 अंक पर बंद हुआ।

पिछले बृहस्पतिवार से शुरू तीन कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स लगभग 1,950 अंक यानी 2.5 प्रतिशत टूटा है जबकि निफ्टी 515 अंक यानी दो प्रतिशत से अधिक के नुकसान में रहा। विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के नये शांति प्रस्ताव पर दी गई प्रतिक्रिया को ‘पूरी तरह अस्वीकार्य’ बताया। इससे पश्चिम एशिया में संकट दूर करने के लिए राजनयिक सफलता की उम्मीद फिलहाल कमजोर हुई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मितव्ययिता की अपील ने विदेशी मुद्रा भंडार, ईंधन की कीमतों और उपभोग के दृष्टिकोण को लेकर निवेशकों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।

इन कंपनियों के शेयरों में आई गिरावट

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में टाइटन के शेयर में सबसे ज्यादा सात प्रतिशत की गिरावट आई। इंटरग्लोब एविएशन, भारतीय स्टेट बैंक, भारती एयरटेल, इटर्नल और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में भी भारी गिरावट देखी गई। दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में सन फार्मा, हिंदुस्तान यूनिलीवर, अदाणी पोर्ट्स, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक और आईसीआईसीआई बैंक शामिल हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 2.23 प्रतिशत बढ़कर 103.5 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘‘कच्चे तेल की कीमतों को लेकर बढ़ती अनिश्चितता और वैश्विक तनाव बढ़ने की आशंका के बीच निवेशकों ने आक्रामक रूप से शेयरों की बिकवाली की। इससे सूचकांकों में गिरावट आई।’’ उन्होंने कहा कि आज की इस गिरावट का तात्कालिक कारण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 10 मई का भाषण है, जिसे बाजार ने वृहद आर्थिक दबाव के संकेत के रूप में लिया है।

हरिप्रसाद ने कहा, ‘‘अमेरिका-ईरान संघर्ष और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों को लेकर वैश्विक अनिश्चितता ने पहले ही बाजार की धारणा को कमजोर कर दिया था। अब प्रधानमंत्री के मितव्ययिता उपायों की अपील ने भारत के विदेशी मुद्रा भंडार, ईंधन की लागत और उपभोग के दृष्टिकोण को लेकर निवेशकों की चिंताओं को और बढ़ा दिया है।’’ प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद में तेलंगाना भाजपा द्वारा आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच विदेशी मुद्रा बचाने के लिए पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग करने, कार पूलिंग करने, इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) का अधिक उपयोग करने और घर से काम करने का सुझाव दिया।

हमें हर हाल में विदेशी मुद्रा बचानी होगी : मोदी

मोदी ने संकट के बीच विदेशी मुद्रा संरक्षण की आवश्यकता पर जोर देते हुए, एक वर्ष के लिए सोने की खरीद और विदेश यात्रा को स्थगित करने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा, ‘‘हमें हर हाल में विदेशी मुद्रा बचानी होगी…। पश्चिम एशिया संकट के कारण पेट्रोल और उर्वरकों की कीमतों में काफी वृद्धि हुई है।’’ एशियाई बाजारों में, जापान का निक्की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में ज्यादातर में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ईरान के शांति प्रस्ताव को ट्रंप द्वारा अस्वीकार किए जाने के बाद खाड़ी देशों में फिर से तनाव बढ़ने से निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई और मानक सूचकांक सूचकांक निफ्टी 24,000 अंक से नीचे फिसल गया।’’ उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री के ऊर्जा संरक्षण और गैर-जरूरी विदेश यात्रा से बचने की अपील के बाद निवेशकों के बीच सतर्क रुख और बढ़ गया है। इससे निवेशकों के बीच कच्चे तेल की ऊंची कीमतों, रुपये में गिरावट और चालू खाते के घाटे पर दबाव के आर्थिक प्रभाव को लेकर आशंका बढ़ी है। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 4,110.60 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। शुक्रवार को सेंसेक्स 516.33 अंक यानी 0.66 प्रतिशत टूटकर 77,328.19 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 150.50 अंक यानी 0.62 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,176.15 अंक पर रहा था।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular