Saturday, October 31, 2026
HomeLatest NewsMahakumbh 2025: उत्तर प्रदेश की 75 जेलों में बंद कैदी करेंगे संगम...

Mahakumbh 2025: उत्तर प्रदेश की 75 जेलों में बंद कैदी करेंगे संगम के पवित्र जल से स्नान, प्रशासन ने की ये व्यवस्था

उत्तर प्रदेश सरकार महाकुंभ 2025 के तहत जेलों में बंद कैदियों के लिए विशेष पहल कर रही है। राज्य की 75 जेलों में कैदियों को प्रयागराज के संगम से लाए गए पवित्र जल से स्नान का अवसर मिलेगा। यह आयोजन 21 फरवरी को सुबह 9:30 से 10:00 बजे तक होगा, जिसमें 7 केंद्रीय और 68 जिला कारागार शामिल हैं।

Mahakumbh 2025: एक अनूठी और आध्यात्मिक पहल के तहत, उत्तर प्रदेश की जेलों में बंद कैदियों को प्रयागराज के संगम के पवित्र जल से स्नान करने का अवसर मिलेगा, जहां महाकुंभ चल रहा है. राज्य का जेल प्रशासन कैदियों के लिए संगम से पवित्र जल लाने की खातिर विशेष व्यवस्था कर रहा है, ताकि वे इस आयोजन में भाग ले सकें.

कैदियों को मिलेगा संगम में स्नान का मौका

जेल मंत्री दारा सिंह चौहान के कार्यालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, विशेष कार्यक्रम 21 फरवरी को सुबह 9:30 से 10:00 बजे तक होगा. इस दौरान, राज्य भर की सभी 75 जेलों में बंद कैदियों को संगम से लाए गए जल में स्नान की अनुमति दी जाएगी. इसमें 7 केंद्रीय कारागार और 68 जिला कारागार शामिल हैं.

उत्तर प्रदेश की जेलों में 90 हजार से अधिक कैदी

जेल महानिदेशक (डीजी) पीवी रामशास्त्री ने पुष्टि की कि मंत्री दारा सिंह चौहान की देखरेख में व्यवस्थाएं की जा रही हैं. उन्होंने कहा कि सभी जेलों में संगम का जल लाया जाएगा और कैदी प्रार्थना के बाद, जेल परिसर में विशेष रूप से स्थापित कलश (छोटा टैंक) में पवित्र जल और नियमित जल के मिश्रण से स्नान करेंगे. जेल विभाग के अधिकारियों के अनुसार वर्तमान में उप्र की जेलों में 90,000 से अधिक कैदी बंद हैं. मंत्री चौहान और वरिष्ठ जेल अधिकारियों के 21 फरवरी को लखनऊ जेल में कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है.

17 फरवरी को उन्नाव जेल के कैदियों ने किया स्नान

इसी तरह की पहल में, 17 फरवरी को उन्नाव जेल ने अपने कैदियों को संगम के जल से स्नान कराया. जेल अधीक्षक पंकज कुमार सिंह ने बताया कि कैदियों को पवित्र जल से स्नान कराने की योजना पर कुछ समय से विचार किया जा रहा था. उन्नाव जेल के कैदियों को 21 फरवरी को फिर यह मौका मिलेगा.

21 फरवरी को कैदी करेंगे स्नान

गोरखपुर जेल के जेलर एके कुशवाहा ने बताया कि जेल प्रशासन ने प्रयागराज से पवित्र जल लाने के लिए एक जेल प्रहरी को भेजा गया है. इस जल को नियमित स्नान के पानी में मिलाया जाएगा. प्रयागराज की नैनी सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक रंग बहादुर ने बताया कि 21 फरवरी को कैदी संगम से लाए गए गंगा जल में स्नान करेंगे. इसी तरह प्रयागराज जिला जेल में वरिष्ठ अधीक्षक अमिता दुबे ने कहा कि करीब 1,350 कैदी इस अवसर को पाने के लिए उत्साहित हैं. बता दें कि प्रयागराज में महाकुंभ मेला 26 फरवरी तक चलेगा.

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image