Wednesday, October 28, 2026
HomeUser Interest CategoryPoliticsगांवों में खुलेंगे अटल ज्ञान केंद्र, हर पंचायत में खेल मैदान बनाने...

गांवों में खुलेंगे अटल ज्ञान केंद्र, हर पंचायत में खेल मैदान बनाने का लक्ष्य: मदन राठौड़

राजस्थान में पंचायत चुनावों के बीच भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने ग्रामीण विकास को लेकर पार्टी का विजन सामने रखा है।

जयपुर। राजस्थान में पंचायत चुनावों के बीच भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने ग्रामीण विकास को लेकर पार्टी का विजन सामने रखा है। उन्होंने कहा कि गांवों और ढाणियों तक शिक्षा, चिकित्सा, रोजगार और डिजिटल सुविधाएं पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है। पार्टी के ग्राम विकास संकल्प पत्र में हर ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने और खेल मैदान विकसित करने जैसी योजनाओं को शामिल किया गया है।

गांव में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे युवा
मदन राठौड़ के मुताबिक, ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शहरों का रुख करना पड़ता है। इससे परिवारों पर रहने और शिक्षा का अतिरिक्त खर्च पड़ता है। इस समस्या को दूर करने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई गई है। इन केंद्रों के जरिए युवाओं को इंटरनेट, ऑनलाइन शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा तिथियों और ऑनलाइन मार्गदर्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य है। इससे ग्रामीण युवाओं को अपने गांव में रहते हुए तैयारी के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

हर ग्राम पंचायत में खेल मैदान बनाने का संकल्प
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण युवाओं की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में खेल मैदान विकसित करने का संकल्प लिया गया है। इससे गांवों के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिल सकेगा।

गांवों में स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी जोर
राठौड़ ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की बात कही। उनके अनुसार, आबादी और जरूरत के हिसाब से स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और उपस्वास्थ्य केंद्र उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा, ताकि लोगों को सामान्य इलाज के लिए शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, इंटरनेट और डिजिटल सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। सरकार की योजनाओं का लाभ डीबीटी और डिजिटल माध्यमों से पात्र लोगों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचाने पर भी जोर दिया जाएगा।

भाजपा ने संकल्प पत्र के 78% काम पूरे करने का किया दावा
मदन राठौड़ ने दावा किया कि विधानसभा चुनाव के दौरान जारी संकल्प पत्र के लगभग 78 प्रतिशत कार्य पौने तीन साल में पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों के लिए तैयार किया गया ग्राम विकास संकल्प पत्र गांवों में शहरों जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का रोडमैप है। राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए गांवों और ढाणियों का विकास जरूरी है। भाजपा का लक्ष्य ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, चिकित्सा, डिजिटल संसाधनों और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना है।

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image