नई दिल्ली: संजय लीला भंसाली की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘लव एंड वॉर’ से शनिवार को विक्की कौशल का फर्स्ट लुक जारी कर दिया गया। इससे पहले फिल्म से रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के लुक सामने आ चुके हैं। अब विक्की के लुक ने फिल्म को लेकर चर्चा और बढ़ा दी है।पोस्टर में विक्की कौशल मूंछों और चेहरे पर चोट के निशान के साथ नजर आ रहे हैं। उनकी आंखों में गुस्सा और गंभीरता दिखाई दे रही है। वह मुंह में सिगरेट लिए हुए हैं और हाथ में लाइटर से उसे जलाते नजर आते हैं। पूरे पोस्टर में धुएं का माहौल और डार्क ग्रीन बैकग्राउंड उनके किरदार को एक इंटेंस लुक देता है।मेकर्स ने सोशल मीडिया पर पोस्टर शेयर करते हुए लिखा- “नजरें मिलेंगी, लेकिन हटेंगी नहीं।”
रणबीर और आलिया के लुक के बाद विक्की का पोस्टर
‘लव एंड वॉर’ से विक्की से पहले आलिया भट्ट और रणबीर कपूर के फर्स्ट लुक भी सामने आ चुके हैं।आलिया के पोस्टर में उनका रेट्रो और विंटेज अवतार देखने को मिला था। वह 60-70 के दशक के फैशन से प्रेरित लुक में नजर आई थीं। वहीं रणबीर कपूर का लुक काफी रॉ और इंटेंस रखा गया था। वह मोटी मूंछों, गॉगल्स और खून के दाग वाली शर्ट में नजर आए थे।तीनों के अलग-अलग लुक सामने आने के बाद फिल्म के किरदारों और कहानी को लेकर दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ गई है।
21 जनवरी 2027 को रिलीज होगी फिल्म
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु भाषाओं में भी रिलीज किया जाएगा।फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल पहली बार एक साथ स्क्रीन शेयर करेंगे।
भंसाली के साथ विक्की की पहली फिल्म
‘लव एंड वॉर’ विक्की कौशल की संजय लीला भंसाली के साथ पहली फिल्म है। वहीं रणबीर और आलिया इससे पहले भंसाली के साथ काम कर चुके हैं।रणबीर कपूर ने 2007 में भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। दूसरी ओर आलिया भट्ट ने 2022 में रिलीज हुई ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ में भंसाली के साथ काम किया था।अब ‘लव एंड वॉर’ में तीनों कलाकारों की जोड़ी और भंसाली की फिल्ममेकिंग को लेकर दर्शकों के बीच काफी उत्सुकता है।
कई बार बदली फिल्म की रिलीज डेट
‘लव एंड वॉर’ की रिलीज डेट पहले भी कई बार बदली जा चुकी है। फिल्म को शुरुआत में क्रिसमस 2025 पर रिलीज करने की योजना थी। बाद में प्रोडक्शन और बड़े स्तर पर हो रहे VFX व एक्शन सीन्स के चलते रिलीज को आगे बढ़ाया गया।अब मेकर्स ने फिल्म की रिलीज के लिए 21 जनवरी 2027 की तारीख तय की है।



