मुंबई। करण जौहर का चर्चित सेलिब्रिटी चैट शो ‘कॉफी विद करण’ अब अपने आखिरी दौर में पहुंच गया है। शो का 9वां सीजन अंतिम सीजन होगा, जो 14 अक्टूबर 2026 से JioHotstar पर स्ट्रीम किया जाएगा। करण जौहर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो के जरिए शो के खत्म होने की घोषणा की।‘कॉफी विद करण’ की शुरुआत साल 2004 में हुई थी। अब तक शो के 8 सीजन के 161 एपिसोड प्रसारित हो चुके हैं। करीब 22 साल के सफर में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे करण जौहर के शो में पहुंचे और उनके रिश्तों, फिल्मों, करियर और निजी जिंदगी से जुड़े सवालों पर बातचीत हुई। शो के रैपिड-फायर राउंड और मेहमानों के बयानों ने कई बार सुर्खियां बटोरीं।
करण जौहर ने कहा- हर सफर का एक अंत होता है
आखिरी सीजन की घोषणा करते हुए करण जौहर ने अपने शो के लंबे सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि जून 2004 में उन्होंने अपने पिता यश जौहर से टॉक शो होस्ट करने की इच्छा जताई थी। इसके कुछ समय बाद शो की शूटिंग शुरू हुई और अब 22 साल बाद वह इसे आखिरी बार होस्ट करने जा रहे हैं।
करण ने अपने संदेश में कहा कि कुछ सफर ऐसे होते हैं जिन्हें खत्म करने की योजना नहीं बनाई जाती, लेकिन एक समय ऐसा आता है जब उन्हें आगे बढ़ने देना पड़ता है। उन्होंने शो को अपनी जिंदगी का अहम हिस्सा बताते हुए दर्शकों के प्यार को भी याद किया।
कंगना रनोट ने करण को कहा था ‘मूवी माफिया’
‘कॉफी विद करण’ के सबसे चर्चित एपिसोड्स में से एक कंगना रनोट का भी रहा। साल 2017 में कंगना फिल्म ‘रंगून’ के प्रमोशन के लिए सैफ अली खान के साथ शो में पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने करण जौहर को ‘मूवी माफिया’ और नेपोटिज्म का ‘फ्लैग बेयरर’ कहा था।इस बातचीत के बाद नेपोटिज्म को लेकर बॉलीवुड में बहस और तेज हुई। करण जौहर ने बाद में भी कंगना की टिप्पणियों पर सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी थी।
हार्दिक पंड्या और केएल राहुल का एपिसोड भी विवादों में रहा
2019 में हार्दिक पंड्या और केएल राहुल के साथ प्रसारित हुआ एपिसोड भी काफी चर्चा में रहा। शो में महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद दोनों क्रिकेटरों को आलोचना का सामना करना पड़ा। BCCI ने जांच लंबित रहने तक दोनों को निलंबित भी किया था। बाद में दोनों का निलंबन हटा दिया गया और BCCI लोकपाल ने दोनों पर जुर्माना लगाया।
इस विवाद के बाद संबंधित एपिसोड को डिजिटल प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया था।
दीपिका-रणवीर की बातचीत भी बनी सुर्खियों में
सीजन 8 में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह पहली बार साथ शो में पहुंचे थे। दोनों ने अपनी शादी और रिश्ते से जुड़े कई खुलासे किए। दीपिका के शुरुआती डेटिंग फेज को लेकर दिए गए बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी।इस एपिसोड में दोनों की शादी का वीडियो भी दिखाया गया था, जिसे लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा हुई।
रणबीर कपूर पर दीपिका का कमेंट
सीजन 3 में दीपिका पादुकोण और सोनम कपूर शो में पहुंची थीं। रैपिड-फायर राउंड के दौरान रणबीर कपूर से जुड़े एक सवाल पर दीपिका के जवाब ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। उस समय दीपिका और रणबीर का ब्रेकअप हो चुका था।
सलमान खान का ‘वर्जिन’ वाला बयान
सलमान खान भी शो के चर्चित मेहमानों में रहे हैं। 2013 में उन्होंने अपनी निजी जिंदगी से जुड़े सवालों के जवाब में खुद को ‘वर्जिन’ बताया था। बाद में 2016 में शो के 100वें एपिसोड में जब करण ने उनसे यही सवाल दोबारा पूछा, तो सलमान ने फिर उसी बात को दोहराया था।
इमरान हाशमी का जवाब भी चर्चा में रहा
सीजन 4 में इमरान हाशमी से ऐश्वर्या राय बच्चन को लेकर सवाल पूछा गया था। रैपिड-फायर राउंड में उनके जवाब को लेकर विवाद हुआ। बाद में इमरान ने इस जवाब को लेकर सफाई भी दी थी।
14 अक्टूबर से आखिरी बार खुलेगा ‘कॉफी काउच’
22 साल, 8 सीजन और 161 एपिसोड के बाद अब ‘कॉफी विद करण’ का नौवां सीजन इसका आखिरी अध्याय होगा। अंतिम सीजन में कौन-कौन से सेलिब्रिटी मेहमान शामिल होंगे, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।



