Tuesday, June 2, 2026
HomeLatest News6 महीने बाद खुले केदारनाथ धाम के कपाट, सेना ने हेलीकॉप्टर से...

6 महीने बाद खुले केदारनाथ धाम के कपाट, सेना ने हेलीकॉप्टर से बरसाए फूल, पीएम मोदी के नाम से हुई पहली पूजा

Kedarnath Dham Door Open: केदारनाथ मंदिर के कपाट 6 महीने बाद विधि-विधान के साथ खोल दिए गए। पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से हुई, इस दौरान सीएम पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। सुबह 8 बजे कपाट खुलते ही हजारों श्रद्धालु जुटे और हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।

Kedarnath Dham Door Open: सर्दियों में 6 माह बंद रहने के बाद बुधवार को सुबह पूरे विधि विधान के साथ केदारनाथ मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए फिर खोल दिए गए. जहां पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से की गई. इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी पत्नी गीता के साथ मौजूद रहे.

मंदिर के कपाट खोले जाने की प्रक्रिया सुबह 5 बजे शुरू हुई. इसके बाद, मंदिर के रावल (मुख्य पुजारी) भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी गंगाधर, मुख्यमंत्री धामी, केदारनाथ की विधायक आशा नौटियाल, पुरोहित उमेश चंद्र पोस्ती सहित अन्य धर्माचार्यों एवं वेदपाठियों ने गर्भगृह में प्रवेश कर विधिवत पूजा-अर्चना की और ठीक 8 बजे कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए.

हेलीकॉप्टर से की गई पुष्प वर्षा

मंदिर प्रांगण में मौजूद हजारों श्रद्धालु कपाट खुलने के अवसर के साक्षी बने. कपाट खुलने के मौके पर सिख रेजीमेंट के बैंड की भक्तिमय धुनों से पूरा वातावरण अलौकिक हो उठा और अपार उत्साह से भरे श्रद्धालु ‘बम-बम भोले’, ‘हर हर महादेव’ और ‘जय बाबा केदार’ के जयकारे लगाते नजर आए. इस मौके पर भगवान शिव के धाम को विभिन्न प्रकार के 51 क्विंटल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था. कपाट खुलते ही श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई.

पीएम मोदी ने ट्वीट कर कही ये बात

केदारनाथ धाम कपाट खुलने पर पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट किया. जिसमें उन्होंने लिखा-‘देवभूमि उत्तराखंड की पवित्र धरती पर आज केदारनाथ धाम के कपाट पूरे विधि-विधान के साथ हम सभी श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं. केदारनाथ धाम और चारधाम की यह यात्रा हमारी आस्था, एकता और समृद्ध परंपराओं का दिव्य उत्सव है. इन यात्राओं से हमें भारत की सनातन संस्कृति के दर्शन भी होते हैं. इस वर्ष चारधाम यात्रा के आरंभ उत्सव पर, उत्तराखंड आने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए मैंने एक पत्र के माध्यम से अपनी भावनाएं व्यक्त की हैं. मेरी कामना है कि बाबा केदार सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें और आपकी यात्राओं को शुभ करें. हर-हर महादेव!

CM पुष्कर धामी ने दी शुभकामनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने बाबा केदार की पूजा कर प्रदेश और देश में सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की. धामी ने इस मौके पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं तथा कहा कि केदारनाथ धाम न केवल सनातन धर्मावलंबियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है, बल्कि यह भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं. उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा हर वर्ष नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और इस वर्ष भी बाबा केदार के आशीर्वाद से यह यात्रा ऐतिहासिक होगी.

ये भी पढ़ें: ED के सामने पेश हुईं TMC की पूर्व सांसद नुसरत जहां, जानें किस मामले में हुई पूछताछ ?


Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image