मुंबई। बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर अपने सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर चर्चा में हैं। Gen-Z को लेकर पहले दिए गए अपने विवादित बयान के बाद अब कंगना ने खुद को ‘Gen-Alpha’ बताया है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक यंग इन्फ्लुएंसर का वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि अब वह खुद को Gen-Alpha मानती हैं। कंगना का यह पोस्ट ऐसे समय आया है जब कुछ समय पहले Gen-Z के प्रदर्शन को लेकर उनके बयान पर सोशल मीडिया पर काफी विवाद हुआ था। कंगना ने उस समय प्रदर्शन कर रहे युवाओं के लिए ‘गटर जेनरेशन’ जैसे शब्द का इस्तेमाल किया था, जिसके बाद उन्हें आलोचनाओं का सामना करना पड़ा।
कंगना ने खुद को बताया Gen-Alpha
कंगना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक महिला इन्फ्लुएंसर का वीडियो शेयर किया। वीडियो में इन्फ्लुएंसर Gen-Z को लेकर अपनी राय रखती नजर आईं। वीडियो से सहमति जताते हुए कंगना ने लिखा कि अब वह आधिकारिक तौर पर खुद को Gen-Alpha मानती हैं। उन्होंने Gen-Alpha को परिभाषित करते हुए कहा कि इसका मतलब है कि सीधे मुद्दे पर आओ और बेकार की बातों में समय न गंवाओ। कंगना के इस पोस्ट को उनके बेबाक और सीधे अंदाज से जोड़कर देखा जा रहा है। वह अक्सर सोशल मीडिया के जरिए राजनीतिक, सामाजिक और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखती हैं।
Gen-Z को लेकर पहले क्या बोली थीं कंगना?
Gen-Z को लेकर कंगना का विवाद उस समय शुरू हुआ था जब NEET पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के प्रदर्शन और संसद मार्च के संदर्भ में उन्होंने टिप्पणी की थी। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल को लेकर कंगना ने Gen-Z को ‘गटर जेनरेशन’ कहा था। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर काफी प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई लोगों ने कंगना की आलोचना की और उनके बयान को युवाओं के प्रति अपमानजनक बताया। हालांकि बाद में कंगना ने Gen-Z को देश की ताकत और संपत्ति भी बताया था। इसके बावजूद उनके पुराने बयान को लेकर विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ।
स्वामी रामदेव ने भी की थी आलोचना
कंगना के Gen-Z वाले बयान पर कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी थी। योग गुरु स्वामी रामदेव ने भी उनके बयान की आलोचना करते हुए उनकी सोच और पढ़ाई-लिखाई पर सवाल उठाए थे। इसके बाद कंगना ने भी स्वामी रामदेव के बयान पर पलटवार किया था। दोनों के बीच सोशल मीडिया और सार्वजनिक बयानों के जरिए विवाद चर्चा में रहा।
‘Queen 2’ में नजर आएंगी कंगना
वर्कफ्रंट की बात करें तो कंगना रनौत जल्द ही ‘क्वीन 2’ में नजर आएंगी। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है। इससे पहले कंगना फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ में दिखाई दी थीं, जो अब ZEE5 पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।



